पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को राज्य कार्यकारिणी की बैठक के बाद पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर जमकर हमला बोला और कहा कि उनकी सरकार बनने पर फेक एनकाउंटरों की जांच रिमोट सेंसिंग तकनीक से कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस तकनीक से यह पता लगाया जाएगा कि गाड़ी कैसे पलटी और रास्ते में आने के बीच कहां-कहां क्या बदला गया। अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि फेक एनकाउंटरों की भी जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और इसके लिए जितना भी धन लगेगा, सरकार उसकी व्यवस्था करेगी। उन्होंने यह भी साफ किया कि एप्लीकेशनों और आधुनिक तकनीकों का सबसे ज्यादा प्रयोग खेतीबाड़ी, इलाज और पढ़ाई में किया जाएगा। मिशन-2027 को देखते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि हर विधानसभा में 27 हजार वोट बढ़ाए जाएंगे या यूं कहें कि भाजपा के इतने ही वोट कम किए जाएंगे। प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में 72 जिलों में 151 से ज्यादा स्थानों पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाएं तोड़ी गईं, जिसमें बलिया में सर्वाधिक घटनाएं हुईं, लेकिन सिर्फ 14 मामलों में गिरफ्तारियां की गईं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में एक्सप्रेसवे के नाम पर जेबें भरी गईं और सड़कों में गड्ढे बन गए, जहां दुर्घटनाएं हुईं। उन्होंने आरोप लगाया कि इथेनाल के बहाने मिलावटखोरी की गई और नौकरी आई तो आरक्षण का हक मारा गया। अखिलेश यादव ने कहा कि पेपरलीक में उत्तर प्रदेश सबसे आगे रहा और सरकार के तमाम दावों के बावजूद प्रदेश में निवेश नहीं आया तथा क्षेत्र खाली पड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को सर्किल रेट बढ़ाकर नहीं दिया गया और अयोध्या में पहले बड़ा जमीन घोटाला तथा बाद में चंदा चोरी प्रकरण हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या से वाराणसी के बीच सड़क निर्माण में भारी घोटाला किया गया। अखिलेश यादव ने तंज कसा कि अपनी सरकार में इलाज और न्याय के लिए मंत्रियों को धरने पर बैठना पड़ रहा है। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि सरकार आने पर गोंडा प्रकरण में दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि पीडीए समाज के अधिकारियों को चुनाव तक महत्वहीन कर दिया जाएगा। इंटरनेट मीडिया पर ओमप्रकाश राजभर की पोस्ट हाल में कम आने को लेकर पूछे गए प्रश्न के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि पासवर्ड छिन जाने से बार्गेनिंग हो रही होगी। एक अन्य प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि जिन बैंकों से व्यवस्था कर यह सरकार महिलाओं को एक लाख रुपये देगी, उसी बैंक से लेकर हम दो लाख रुपये देंगे। राहुल गांधी के एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां पर टिप्पणी को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि यह भी देखें कि एकरंगी वाले एक मां को कह रहे थे कि भाषण मत दो। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ में सपा की ओर से खड़े छात्र की हार पर उन्होंने कहा कि वहां धांधली न होती तो हमारा उम्मीदवार ही जीतता।
अखिलेश यादव का बड़ा बयान, फेक एनकाउंटर की रिमोट सेंसिंग तकनीक से कराएंगे जांच
पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को राज्य कार्यकारिणी की बैठक के बाद पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर जमकर हमल
NRI Post Hindi Desk · 65 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





