भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज नवजोत सिंह सिद्धू का 1996 का एक किस्सा एक बार फिर चर्चा में है, जब वे नाराज होकर इंग्लैंड दौरे को बीच में ही छोड़कर भारत वापस आ गए थे। उस समय भारतीय टीम इंग्लैंड के दौरे पर थी, जहां तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही थी। टीम की कप्तानी मोहम्मद अजहरूद्दीन के हाथों में थी, जबकि इंग्लैंड की अगुवाई माइकल एथरटन कर रहे थे। एजबेस्टन में खेले गए सीरीज के पहले मुकाबले में सिद्धू को अंतिम ग्यारह से बाहर कर दिया गया था, जिसके बाद वे दौरा बीच में ही छोड़कर स्वदेश लौट आए थे। सिद्धू ने उस समय कप्तान अजहरूद्दीन पर सबके सामने अपमान करने और गालियां देने का आरोप लगाया था। यही नहीं, सिद्धू इतना नाराज थे कि वे अपनी नाराजगी का कारण बीसीसीआई को भी बताने को तैयार नहीं थे, जिसके चलते बोर्ड को उनका मन जानने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। उनके वापस लौटने के बाद क्रिकेट बोर्ड ने मामले की जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया, जिसमें सुनील गावस्कर, राज सिंह डुंगरपुर, आईएस बिंद्रा और उस समय के बीसीसीआई सचिव जयवंत लेले शामिल थे। हालांकि, कमेटी के सामने सिद्धू ने शुरू में कुछ नहीं बताया, जिसके बाद कमेटी ने इंग्लैंड दौरे पर शामिल अन्य खिलाड़ियों से पूछताछ की। फिर कमेटी में पंजाबी बोलने वाले मोहिंदर अमरनाथ को शामिल किया गया, ताकि वे सिद्धू से घुलमिल सकें और उनका भरोसा जीत सकें। इसके बाद नवजोत सिंह सिद्धू ने अमरनाथ को सारी बात सच-सच बता दी कि अजहरूद्दीन सबके सामने उनका अपमान करते थे और उन्हें गालियां देते थे। ये खुलासे जयवंत लेले ने अपनी किताब में किए थे, जो उस समय बीसीसीआई के सचिव थे। इंग्लैंड दौरे पर इस विवाद के बाद सिद्धू को वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया, जहां उन्हें सलामी बल्लेबाज के रूप में खेलने का मौका मिला और वापसी पर उन्होंने दोहरा शतक ठोक दिया।
अजहरूद्दीन की गालियों से नाराज होकर सिद्धू ने छोड़ा था इंग्लैंड दौरा, बीसीसीआई को मनाने में लगी थी मशक्कत
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज नवजोत सिंह सिद्धू का 1996 का एक किस्सा एक बार फिर चर्चा में है, जब वे नाराज होकर इंग्लैंड दौरे को बीच में ही छोड़कर भारत वापस आ गए थे। उस समय भारतीय टीम इंग्लैंड क
NRI Post Hindi Desk · 36 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 खेल
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।



