|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

अध्ययन में चौंकाने वाला खुलासा: महिलाओं को पुरुषों से ज्यादा होता है दर्द, 118 देशों के आंकड़ों ने दी पुष्टि

हर इंसान को दर्द होता है, लेकिन क्या पुरुषों और महिलाओं में दर्द महसूस करने का तरीका और उसकी तीव्रता अलग होती है? इसी सवाल का जवाब तलाशने के लिए दुनिया भर के शोधकर्ताओं ने दर्द से जुड़ी महामारी विज्ञा

NRI Post Hindi Desk · 49 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट

हर इंसान को दर्द होता है, लेकिन क्या पुरुषों और महिलाओं में दर्द महसूस करने का तरीका और उसकी तीव्रता अलग होती है? इसी सवाल का जवाब तलाशने के लिए दुनिया भर के शोधकर्ताओं ने दर्द से जुड़ी महामारी विज्ञान के क्षेत्र में अब तक की सबसे बड़ी वैश्विक स्टडी को पूरा किया है, जिसके नतीजे हाल ही में नेचर मेडिसिन जर्नल में प्रकाशित हुए हैं। इस अध्ययन ने यह साफ कर दिया है कि दुनिया भर में महिलाएं पुरुषों की तुलना में अधिक शारीरिक दर्द का सामना करती हैं। यह रिसर्च 1990 से 2025 के बीच 118 देशों के 60 लाख से ज्यादा लोगों के आंकड़ों पर आधारित है, जिसमें 5 वर्ष के बच्चों से लेकर 100 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग तक शामिल थे। शोधकर्ताओं ने शरीर के 11 प्रमुख हिस्सों जैसे सिर, चेहरा, गर्दन, कंधा, हाथ, कलाई, कोहनी, छाती, पेट, पीठ, कूल्हा, पैर, टखना और घुटने में दर्द पर स्टडी की थी, जिसमें सामने आया कि सभी 11 हिस्सों में महिलाओं ने पुरुषों की तुलना में ज्यादा दर्द दर्ज कराया। खासतौर पर सिरदर्द, चेहरे के दर्द और पेट दर्द के मामलों में महिलाओं और पुरुषों के बीच फर्क सबसे ज्यादा पाया गया। यूनिवर्सिटी ऑफ एडिनबर्ग के प्रोफेसर एंड्रयू हॉर्न और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर रेबेका स्लेटर के अनुसार, यह रिसर्च जेंडर पेन गैप यानी महिला और पुरुष के दर्द में असमानता का ठोस प्रमाण है। स्टडी में यह भी सामने आया है कि महिलाओं के दर्द को अक्सर क्लीनिकों में गंभीरता से नहीं लिया जाता, उसकी अनदेखी की जाती है या उन्हें पर्याप्त दर्द निवारक दवाएं नहीं दी जाती हैं। अध्ययन में पाया गया है कि महिलाओं और पुरुषों में 55 साल की उम्र से पहले दर्द में बढ़ोतरी दर्ज की गई और 75 साल की उम्र के आसपास यह अपने चरम पर पहुंचता है। स्टडी में शामिल लगभग 40 प्रतिशत लोगों ने पीठ दर्द की शिकायत की, जबकि चेहरे का दर्द सबसे कम 2 प्रतिशत दर्ज किया गया। सिर, चेहरे और पेट का दर्द जीवन के मध्यकाल में चरम पर पहुंचकर घटने लगता है, जबकि पीठ, कूल्हे और घुटने जैसे वजन उठाने वाले जोड़ों का दर्द उम्र बढ़ने के साथ लगातार बढ़ता जाता है। इस अध्ययन में यह भी सामने आया कि दुनिया भर में दर्द के बोझ का 18.3 प्रतिशत हिस्सा तीन प्रमुख सामाजिक और स्वास्थ्य कारणों धूम्रपान, मोटापा और गरीबी से जुड़ा होता है। कम मानव विकास सूचकांक वाले गरीब इलाकों में बुजुर्गों को पीठ के निचले हिस्से में दर्द अमीर इलाकों की तुलना में लगभग दोगुना झेलना पड़ता है। यह व्यापक अध्ययन न केवल पुरुषों और महिलाओं के दर्द में अंतर को उजागर करता है, बल्कि यह भी बताता है कि उम्र, जीवनशैली और सामाजिक-आर्थिक स्थिति दर्द के अनुभव को किस हद तक प्रभावित करती है। शोधकर्ताओं का मानना है कि यह निष्कर्ष स्वास्थ्य सेवा नीति निर्माताओं के लिए महत्वपूर्ण है, ताकि महिलाओं के दर्द को गंभीरता से लिया जा सके और उन्हें पर्याप्त उपचार मुहैया कराया जा सके।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!