उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में पुलिस की एक अनूठी पहल रंग ला रही है। जिले में कुल 1045 हिस्ट्रीशीटर हैं, जिनमें से 176 ने पिछले दो साल से कोई अपराध नहीं किया है। यह संभव हुआ है उन 52 शांत हिस्ट्रीशीटरों की मदद से, जो पुलिस की मुहिम से जुड़कर अपने ही अतीत का आईना दिखाकर अन्य युवाओं को अपराध की राह छोड़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। लतीफपुर गांव के रामगोपाल ने वर्ष 1990 में डकैती और वर्ष 1994 में हत्या की थी। पुलिस ने उनकी हिस्ट्रीशीट खोल दी थी। दोनों मामलों में जेल जाने के बाद रामगोपाल ने बहुत कुछ खो दिया, तो उन्होंने अपराध से नाता तोड़कर सामान्य जीवन जीने का निर्णय लिया। वर्तमान में वह गांव में रहकर खेती करने के साथ सब्जी बेचकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। पुलिस की पहल पर वह आगे बढ़े और अकेले उनकी सीख मानकर हिस्ट्रीशीटर बन चुके 23 युवाओं ने अपराध का रास्ता छोड़ अपना काम शुरू कर दिया। यह पहल तत्कालीन एसपी दीपक भूकर की ओर से शुरू की गई थी, जिसे वर्तमान एसपी जयप्रकाश सिंह आगे बढ़ा रहे हैं। इंस्पेक्टर अखिलेश चंद्र पांडेय बताते हैं कि हिस्ट्रीशीटरों का समय-समय पर सत्यापन किया जाता है। सत्यापन के लिए हर माह सभी हिस्ट्रीशीटरों को थाना बुलाया जाता है, जहां पुलिस की निगरानी व संवाद के बीच वे यह बताने का प्रयास करते हैं कि अपराध के शुरुआती दौर में दबंगई और रौब अच्छे लग सकते हैं, लेकिन धीरे-धीरे मुकदमे, जेल व अदालत की दौड़भाग जिंदगी का हिस्सा बन जाते हैं। अपराध से मिली पहचान कुछ समय बाद बोझ बन जाती है और इसका सीधा असर परिवार पर पड़ता है। वे युवाओं से कहते हैं कि जो गलती हमने की, वह आप मत करिए। मोहान निवासी 35 वर्षीय यदुवीर दोस्तों की संगत में पड़कर गुनाह के रास्ते पर चले गए थे। वर्ष 2017 में लूट के मुकदमे में जेल गए। अपराध बढ़ने पर पुलिस ने हिस्ट्रीशीट खोल नकेल कसनी शुरू कर दी। पुलिस निगरानी ने पीड़ा दी, लेकिन थाना में चौपाल में शांत हिस्ट्रीशीटरों की बात सुनकर उन्होंने अपराध से तौबा कर लिया। वर्तमान में वह खेती कर जीवन यापन कर रहे हैं और मोहल्ले में गणपति उत्सव समेत अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेते हुए भक्ति के रास्ते पर चल पड़े हैं। इंस्पेक्टर शरद कुमार के अनुसार यदुवीर पर पिछले दो साल में एक भी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। गंगाघाट थाना के हिस्ट्रीशीटर बसंत ने बताया कि उन पर लगभग 12 मुकदमे दर्ज हैं और वर्ष 2000 में हिस्ट्रीशीट खुली थी। एक बार जेल जाने के बाद उन्होंने जीवन में परिवार की प्रतिष्ठा और खुद का सम्मान सब खो दिया, जिसके बाद उन्होंने अपने आचरण में सुधार कर लिया और लगभग 25 वर्ष से कोई अपराध नहीं किया। पुलिस की मुहिम से जुड़ने के बाद उन्होंने अपराध के दलदल से 13 युवाओं को बाहर निकाला, जो सभी नौकरी या अपना काम कर रहे हैं। दो साल से इन पर एनसीआर तक दर्ज नहीं हुई। इसी तरह फतेहपुर चौरासी क्षेत्र के रणधीर खेड़ा मजरा इस्माइलपुर नौगवां निवासी ब्रजेश कुमार की वर्ष 2024 में पुलिस ने हिस्ट्रीशीट खोली थी। सत्यापन के दौरान थाना पहुंचे ब्रजेश को शांत हिस्ट्रीशीटरों की बात समझ आ गई और उन्होंने अपराध छोड़कर नगर पंचायत में अपनी दुकान खोलकर परिवार का जीवन यापन शुरू कर दिया। एसपी जयप्रकाश सिंह का कहना है कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराध से दूर हो चुके लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। अपराध छोड़ चुके लोगों के अनुभव उन युवाओं को सही राह दिखा रहे हैं, जो किसी कारणवश अपराध की ओर बढ़ रहे हैं।
अपराध की दुनिया छोड़ हिस्ट्रीशीटर बने मिसाल, 176 ने दो साल से नहीं किया गुनाह
उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में पुलिस की एक अनूठी पहल रंग ला रही है। जिले में कुल 1045 हिस्ट्रीशीटर हैं, जिनमें से 176 ने पिछले दो साल से कोई अपराध नहीं किया है। यह संभव हुआ है उन 52 शांत हिस्ट्रीशीटर
NRI Post Hindi Desk · 51 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




