अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार रात संदिग्ध ड्रोन गतिविधि से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। एयरपोर्ट के परिचालन क्षेत्र में दो से चार ड्रोन जैसी वस्तुएं उड़ती हुई दिखाई दीं, जिसके बाद हवाई यातायात नियंत्रण ने तुरंत सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया। सीमावर्ती क्षेत्र और एयरपोर्ट की संवेदनशीलता को देखते हुए संभावित खतरे की आशंका में अमृतसर आने वाली कुल सात उड़ानों का मार्ग बदल दिया गया। कुआलालंपुर से आने वाली मलेशिया एयरलाइंस की उड़ान को दिल्ली भेजा गया, वहीं मुंबई और दिल्ली से आने वाली इंडिगो की उड़ानें चंडीगढ़ भेजी गईं। दिल्ली से अमृतसर आ रही एयर इंडिया की दो उड़ानों को वापस दिल्ली लौटा दिया गया, जबकि शारजाह से आने वाली इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानों को भी दिल्ली भेजा गया। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। प्रारंभिक जांच में मामला हमले से जुड़ा न होकर पास के रुडाला गांव में होने वाले टूर्नामेंट की तैयारियों से जुड़ा पाया गया। जांच में सामने आया कि स्थानीय लोगों ने टूर्नामेंट के लिए मैदान का निरीक्षण करने के उद्देश्य से ड्रोन उड़ाया था, जिसके चलते यह पूरा विवाद खड़ा हो गया। गौरतलब है कि एयरपोर्ट के आसपास करीब आठ किलोमीटर के दायरे में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध है, इसके बावजूद स्थानीय लोगों द्वारा ड्रोन उड़ाए जाने का मामला सामने आया है। एयरपोर्ट प्रशासन ने ड्रोन दिखाई देने के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों को सूचित किया था। फिलहाल, मामले की आगे की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की बारीकी से पड़ताल कर रही हैं। इस घटना ने एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और ड्रोन नियमों के उल्लंघन को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
अमृतसर एयरपोर्ट पर ड्रोन से हड़कंप: टूर्नामेंट के लिए मैदान दिखाना पड़ा भारी, सात उड़ानें डायवर्ट
अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार रात संदिग्ध ड्रोन गतिविधि से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। एयरपोर्ट के परिचालन क्षेत्र में दो से चार ड्रोन जैसी वस्तुएं उड़ती हु
NRI Post Hindi Desk · 78 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 1 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




