|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

अर्नब चक्रवात का तांडव: 14 राज्यों में अलर्ट, यूपी में 13 की मौत, छत्तीसगढ़ में नदियां उफान पर

बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टम से उपजे अर्नब चक्रवात का असर देश के विभिन्न हिस्सों में लगातार देखने को मिल रहा है। यह सिस्टम अब दक्षिण छत्तीसगढ़ से उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ रहा है, जिसके चलते राजस्थ

NRI Post Hindi Desk · 59 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
अर्नब चक्रवात का तांडव: 14 राज्यों में अलर्ट, यूपी में 13 की मौत, छत्तीसगढ़ में नदियां उफान पर
📷 NRI Post Hindi Desk

बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टम से उपजे अर्नब चक्रवात का असर देश के विभिन्न हिस्सों में लगातार देखने को मिल रहा है। यह सिस्टम अब दक्षिण छत्तीसगढ़ से उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ रहा है, जिसके चलते राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत 14 राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश और बिहार समेत 8 राज्यों में तेज बारिश हो रही है। उत्तर प्रदेश के कई शहरों में करीब 48 घंटे से लगातार बारिश हो रही है और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। अलग-अलग हादसों में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 32 जिलों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है। बिहार के 19 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। छत्तीसगढ़ में इस चक्रवात का सबसे ज्यादा कहर देखने को मिल रहा है। बस्तर में पांच दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद छोटे-बड़े नदी-नाले उफान पर हैं। कहीं सड़कों पर सैलाब है, कहीं खेत पानी में डूबे हैं और कहीं घरों में पानी घुस गया है। हालात इतने बिगड़ गए हैं कि कई इलाकों में लोगों को अपना घर और सामान छोड़कर सुरक्षित ठिकानों की ओर भागना पड़ा है। जगदलपुर में इंद्रावती नदी रौद्र रूप धारण कर चुकी है और पुराने पुल के पास नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। नदी किनारे बसे लालबाग, डोंगाघाट और श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड जैसे इलाकों में पानी लगातार बढ़ रहा है। लोग बच्चों और बुजुर्गों को घरों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं। राजधानी रायपुर में भी लगातार बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। महादेवघाट पर खारुन नदी का पुल पूरी तरह पानी में डूब गया है और पिछले 24 घंटे से जारी मूसलाधार बारिश के बाद नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। गरियाबंद में भी पिछले 24 घंटों से हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। जिले की तीन प्रमुख नदियों पैरी, सौंदर और महानदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है, जबकि छोटे नदी-नाले भी उफान पर हैं। सुकमा के कोंटा इलाके में शबरी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़कर चेतावनी स्तर तक पहुंच चुका है, जिसके चलते नदी किनारे बसे गांवों में प्रशासन की निगरानी बढ़ा दी गई है। सुकमा को ओडिशा से जोड़ने वाले मार्ग पर भी बारिश का असर साफ दिख रहा है और झापर पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। गौरतलब है कि बंगाल की खाड़ी से उठा अर्नब चक्रवात भले ही अब कमजोर पड़ गया हो, लेकिन इसकी वजह से पूर्वी भारत के कई राज्यों में जमकर बारिश हो रही है। चक्रवात के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी बारिश हो रही है और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की वजह से फसलें भी खराब हो गई हैं। छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में अभी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जिससे प्रशासनिक तंत्र लगातार निगरानी बनाए हुए है।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!