दिवाली के मौके पर अलवर का मिल्क केक लोगों की पहली पसंद बना हुआ है। इसका दानेदार स्वाद इसे बाकी मिठाइयों से अलग बनाता है। दूध, चीनी और केसर से तैयार होने वाला यह मिल्क केक देश के अलावा यूरोप, अमेरिका, सऊदी अरब, कनाडा, नेपाल और भूटान सहित विदेशों में भी सप्लाई किया जाता है। त्योहार के मौके पर अलवर का कलाकंद भी बेहद खास रहता है, जो देश के विभिन्न राज्यों के अलावा विदेशों में भी भेजा जाता है। यह मिठाई बाहर से हल्की भूरी और अंदर से मलाईदार तथा मीठी होती है। मिल्क केक के साथ-साथ ड्राई फ्रूट्स से बनी मिठाइयों की मांग भी तेजी से बढ़ रही है, क्योंकि लोग दूध और मावे में होने वाली मिलावट से बचने के लिए ड्राई फ्रूट्स वाली मिठाइयों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। कलाकंद व्यापारी आशीष तनेजा ने इसकी रेसिपी साझा करते हुए बताया कि इसे घर में भी बनाया जा सकता है। इसके लिए दो लीटर दूध में ढाई सौ ग्राम चीनी, तीन से चार चम्मच घी, नींबू का रस, इलायची पाउडर और ड्राई फ्रूट्स डाले जाते हैं। कलाकंद बनाने के लिए सबसे पहले दूध को लोहे व स्टील की कढ़ाई में लगातार उबाला जाता है, फिर उसमें नींबू का रस या फिटकरी डालकर उसे फाड़ा जाता है और हल्के दाने तैयार किए जाते हैं। इसके बाद उसमें चीनी डालकर अच्छे से पकाया जाता है और जब वह गाढ़ा हो जाता है तो सांचे में डालकर जमा दिया जाता है। अलवर में मिल्क केक की कहानी 1947 से शुरू होती है, जब पाकिस्तान से विस्थापित होकर अलवर पहुंचे बाबा ठाकुरदास एक दिन दूध गर्म कर रहे थे। इस दौरान दूध फट गया तो उन्होंने उसमें चीनी डालकर उसे पकाकर बर्तन में जमा दिया, और ठंडा होने के बाद चखने पर उसका स्वाद बेहद बढ़िया निकला। आगे चलकर इस मिठाई को कलाकंद नाम दिया गया। आज अलवर में सैकड़ों दुकानदार मिल्क केक बनाते हैं, और यहां आने वाले नेता, अभिनेता और कारोबारी भी इसे खूब पसंद करते हैं। बाबा ठाकुरदास की तीसरी पीढ़ी आज भी इस मिल्क केक को बनाने की परंपरा को आगे बढ़ा रही है।
अलवर का मिल्क केक विदेशों में छा रहा, 1947 से चली आ रही है अनोखी परंपरा
दिवाली के मौके पर अलवर का मिल्क केक लोगों की पहली पसंद बना हुआ है। इसका दानेदार स्वाद इसे बाकी मिठाइयों से अलग बनाता है। दूध, चीनी और केसर से तैयार होने वाला यह मिल्क केक देश के अलावा यूरोप, अमेरिका,
NRI Post Hindi Desk · 20 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




