काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के कुक्कुट फार्म में किए गए एक नए शोध में यह तथ्य सामने आया है कि मुर्गियों के दाने में अलसी मिलाकर चिकन को सेहत के लिए बेहतर विकल्प बनाया जा सकता है। शोधकर्ताओं ने पाया कि ब्रॉयलर मुर्गियों के आहार में दस प्रतिशत तक अलसी शामिल करने से उनके रक्त संबंधी मानकों, यकृत और गुर्दे के स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता, बल्कि लाल और श्वेत रक्त कोशिकाओं, लिम्फोसाइट तथा प्लेटलेट्स की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। यह शोध बीएचयू के वरिष्ठ प्रोफेसर एवं वर्तमान में बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय के नेतृत्व में किया गया, जिसका शोधपत्र प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका 'लेटर्स इन एनिमल बायोलॉजी' में प्रकाशित हुआ है। अलसी अल्फा-लिनोलेनिक एसिड यानी ओमेगा-3 फैटी एसिड का समृद्ध पादप स्रोत है, इसी गुण के आधार पर शोधकर्ताओं ने पोषण की दृष्टि से बेहतर चिकन तैयार करने की संभावनाएं तलाशीं। इसके लिए बीएचयू के कुक्कुट फार्म में कॉब-400 नस्ल के दो सौ चूजों पर बयालीस दिनों तक परीक्षण किया गया, जिन्हें सामान्य आहार के साथ क्रमश: दो दशमलव पांच, पांच, सात दशमलव पांच और दस प्रतिशत अलसी मिलाकर खिलाई गई तथा परिणामों की तुलना बिना अलसी वाले सामान्य आहार से की गई। मांस की गुणवत्ता परीक्षण में नमी, प्रोटीन और राख की मात्रा में कोई प्रतिकूल बदलाव नहीं मिला, जबकि वसा की मात्रा में वृद्धि और बनावट में सुधार देखा गया। स्वाद और उपभोक्ता स्वीकार्यता परखने के लिए पंद्रह प्रशिक्षित निर्णायकों की टीम ने रंग, स्वाद, रसीलेपन, कोमलता और समग्र गुणवत्ता का मूल्यांकन किया, जिसमें अलग-अलग आहार समूहों के चिकन के बीच कोई उल्लेखनीय अंतर नहीं मिला, हालांकि पांच प्रतिशत अलसी वाले समूह को संख्यात्मक रूप से सर्वाधिक अंक प्राप्त हुए। प्रो. दिनेश चंद्र राय ने शोध की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि उद्देश्य पशु-पोषण को मानव स्वास्थ्य से जोड़ना है और अलसी स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधन है, जिसके इस्तेमाल से पोषण की दृष्टि से बेहतर चिकन मांस तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है। इससे कुक्कुट पालकों और फीड उद्योग को भी मूल्यवर्धित उत्पाद विकसित करने का अवसर मिलेगा। शोध टीम में अमन राठौर, प्रो. दिनेश चंद्र राय, अशोक कुमार यादव और नानम रोन्या शामिल हैं।
अलसी खिलाकर तैयार होगा ओमेगा-3 से भरपूर चिकन, बीएचयू के शोध में 200 चूजों पर सफल परीक्षण
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के कुक्कुट फार्म में किए गए एक नए शोध में यह तथ्य सामने आया है कि मुर्गियों के दाने में अलसी मिलाकर चिकन को सेहत के लिए बेहतर विकल्प बनाया जा सकता है। शोधकर्ताओं ने प
NRI Post Hindi Desk · 6 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




