देश के सबसे प्रतिष्ठित प्रौद्योगिकी संस्थान आईआईटी बॉम्बे में साहिल रवींद्र वाकोड़े (20 वर्ष) की संदिग्ध हालात में हुई मौत के बाद आक्रोश का ज्वालामुखी फूट पड़ा है। कैंपस की सड़कों पर छात्र न्याय की मांग को लेकर दिन-रात धरने पर बैठे हैं, जबकि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने जांच का जिम्मा क्राइम ब्रांच यानी डीसीबी सीआईडी को सौंप दिया है। पोवई पुलिस स्टेशन में दर्ज प्राथमिकी के बाद अब इस पूरे मामले की जांच क्राइम ब्रांच के सहायक पुलिस आयुक्त स्तर के अधिकारी कर रहे हैं, जिसकी सीधी निगरानी उप पुलिस आयुक्त (डिटेक्शन-वन) द्वारा की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने अफवाहों से दूर रहने और आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की है। कैंपस के मुख्य द्वार पर लगे विरोध-प्रदर्शन के बड़े-बड़े बैनरों पर दर्ज मांगें यह साफ बताती हैं कि छात्रों और संस्थान प्रशासन के बीच अविश्वास की खाई कितनी गहरी हो चुकी है। छात्र मांग कर रहे हैं कि डायरेक्टर द्वारा 20 सितंबर 2026 को किए गए वादे के मुताबिक प्रोफेसर डूल्ला को न सिर्फ डीन पद से, बल्कि संस्थान की सभी जिम्मेदारियों और भूमिकाओं से तुरंत निलंबित किया जाए। इसके अलावा साहिल वाकोड़े की मौत से जुड़ी जांच पूरी पारदर्शिता के साथ स्वतंत्र और बाहरी एजेंसी द्वारा कराई जाए तथा अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति की बैठकों के कार्यवृत्त और रिपोर्ट संस्थान के मंच पर गुमनाम रूप से सार्वजनिक किए जाएं। छात्रों की मांग है कि उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई के रूप में हॉस्टल से निष्कासन को पूरी तरह बंद किया जाए और छात्र कल्याण परिषद को एक स्वतंत्र निकाय बनाया जाए। साथ ही छात्र कल्याण डीन का पद किसी चिकित्सकीय रूप से योग्य पेशेवर को सौंपा जाए। छात्रों की यह भी मांग है कि डायरेक्टर सार्वजनिक बयान जारी कर स्पष्ट करें कि प्रदर्शन कर रहे छात्र किसी भी तरह की धोखाधड़ी का समर्थन नहीं कर रहे हैं और विरोध दर्ज कराने वाले किसी भी छात्र के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। छात्र जिस मांग पर अभी भी कायम हैं, वह यह है कि अपने कार्यकाल में चार छात्रों की खुदकुशी का गवाह बनने वाले आईआईटी बॉम्बे के डायरेक्टर केदारे अपने पद से तुरंत इस्तीफा दें। साहिल वाकोड़े की मौत के बाद मामला केवल कैंपस तक सीमित नहीं रहा। मुख्य द्वार पर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भी जोरदार प्रदर्शन किया। बढ़ते जनआक्रोश और छात्रों के लगातार जारी धरने को देखते हुए आईआईटी बॉम्बे प्रशासन ने साहिल की मौत की परिस्थितियों की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। हालांकि प्रदर्शन पर डटे छात्रों का साफ कहना है कि आंतरिक कमेटियों के आश्वासन अब खोखले साबित हो चुके हैं और जब तक जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई तथा पारदर्शी निष्पक्ष जांच नहीं होती, तब तक उनका यह आंदोलन थमेगा नहीं।
आईआईटी बॉम्बे में छात्र की मौत के बाद आंदोलन, डायरेक्टर के इस्तीफे की मांग
देश के सबसे प्रतिष्ठित प्रौद्योगिकी संस्थान आईआईटी बॉम्बे में साहिल रवींद्र वाकोड़े (20 वर्ष) की संदिग्ध हालात में हुई मौत के बाद आक्रोश का ज्वालामुखी फूट पड़ा है। कैंपस की सड़कों पर छात्र न्याय की मा
NRI Post Hindi Desk · 62 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





