|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
कारोबार

आईपीएस की नौकरी छोड़ बने उद्यमी, असफलता के बाद भी नहीं मानी हार, अब चला रहे हैं सफल स्टार्टअप

क्या आप सरकारी नौकरी की रुतबे वाली नौकरी छोड़कर अपना कारोबार खड़ा करने का सपना देख सकते हैं? राजन सिंह ने यही किया। आईआईटी कानपुर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने भारतीय पुलिस सेवा या

NRI Post Hindi Desk · 64 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट

क्या आप सरकारी नौकरी की रुतबे वाली नौकरी छोड़कर अपना कारोबार खड़ा करने का सपना देख सकते हैं? राजन सिंह ने यही किया। आईआईटी कानपुर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने भारतीय पुलिस सेवा यानी आईपीएस ज्वाइन की और करीब आठ साल तक पुलिस अधिकारी के रूप में काम किया। इसके बाद उन्होंने अपने करियर की दिशा बदलने का फैसला किया और साल 2005 में आईपीएस का पद छोड़ दिया। फिर वह अमेरिका की प्रसिद्ध व्हार्टन स्कूल से एमबीए करने चले गए। एमबीए पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूयॉर्क में मैकिन्से एंड कंपनी में कंसल्टेंट के तौर पर काम कर अनुभव हासिल किया। इसके बाद वह एक प्राइवेट इक्विटी फर्म न्यू सिल्क रूट से भी जुड़े। बिजनेस और निवेश की दुनिया में काम करने के दौरान राजन सिंह ने खुद का बिजनेस शुरू करने का फैसला किया और साल 2012 में उन्होंने कोर्सब्रू नाम से ऑनलाइन लर्निंग प्लेटफॉर्म शुरू किया, जहां ऑनलाइन कोर्स और ट्यूशन से जुड़ी सेवाएं दी जाती थीं। हालांकि, यह कंपनी लंबे समय तक नहीं चल सकी और बाद में बंद हो गई। इतने के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और दोबारा से बिजनेस शुरू करने पर विचार किया। तब उन्होंने कॉन्सेप्टआउल की शुरुआत की, जो एजुकेशन सेक्टर से जुड़ा स्टार्टअप था और जिसका मकसद छोटे शहरों के छात्रों को बेहतर पढ़ाई और तैयारी का विकल्प देना था। कॉन्सेप्टआउल का फोकस खासतौर पर देश के टियर-2 और टियर-3 शहरों के छात्रों पर था और यह कंपनी ऑनलाइन पढ़ाई के साथ क्लासरूम प्रोग्राम भी चलाती थी। इसका मकसद उन छात्रों तक शिक्षा पहुंचाना था, जिन्हें बेहतर कोचिंग के लिए बड़े शहरों जैसे कोटा और हैदराबाद का रुख करना पड़ता था। कंपनी ने टेस्ट और प्रैक्टिस के लिए बंसल क्लासेज के साथ भी साझेदारी की। एक समय ऐसा भी आया जब शिक्षकों को बनाए रखने में परेशानी हुई, तो राजन सिंह ने खुद भौतिकी पढ़ाना शुरू कर दिया। कोविड-19 महामारी के दौरान राजन सिंह और उनकी टीम ने आदतों, दिनचर्या और उत्पादकता से जुड़े कुछ प्रयोग भी शुरू किए और इसी से आगे चलकर हैबिटस्ट्रांग का विचार सामने आया। उन्होंने सुबह जल्दी उठने की आदत पर एक यूट्यूब प्रोग्राम भी शुरू किया और करीब सौ दिनों तक चले इस प्रयोग के बाद उन्हें प्रतिभागियों से उनकी दिनचर्या में बदलाव की प्रतिक्रिया मिली। आगे चलकर इसी विचार को एक व्यवस्थित प्रोग्राम का रूप दिया गया और हैबिटस्ट्रांग को साल 2020 में लॉन्च किया गया, जिसका फोकस बेहतर दिनचर्या बनाने, एकाग्रता बढ़ाने और डिजिटल चीजों से होने वाली परेशानी कम करने जैसे विषयों पर रहा। राजन सिंह का करियर एक ही क्षेत्र तक सीमित नहीं रहा। आईआईटी से इंजीनियरिंग करने के बाद उन्होंने पुलिस सेवा चुनी और करीब आठ साल आईपीएस में रहने के बाद एमबीए किया। फिर उन्होंने कंसल्टिंग और प्राइवेट इक्विटी में काम किया और इसके बाद उद्यमिता की राह चुनी। इस तरह उनका करियर इंजीनियरिंग, पुलिस सेवा, बिजनेस स्कूल, कंसल्टिंग, प्राइवेट इक्विटी और स्टार्टअप जैसे अलग-अलग पड़ावों से होकर गुजरा। उनकी यह कहानी यह सिखाती है कि असफलता के बाद भी हार न मानकर नए सिरे से शुरुआत की जा सकती है।

🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!