आंखों में जलन, चुभन और सूखापन की समस्या से परेशान कई लोग बिना डॉक्टर से पूछे सीधे मेडिकल स्टोर से आई ड्रॉप खरीदकर डाल लेते हैं। क्या ऐसा करना सही है और इससे आंखों को फायदे की जगह नुकसान तो नहीं हो सकता? इन्हीं सवालों का जवाब जानने के लिए नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के डॉ. राजेंद्र प्रसाद नेत्र विज्ञान केंद्र के पूर्व प्रमुख पद्म श्री डॉ. जीवन सिंह तितियाल से बातचीत की गई। उन्होंने ड्राई आई और आई ड्रॉप के इस्तेमाल को लेकर कई अहम बातें बताईं। डॉ. जीवन सिंह तितियाल ने बताया कि आंखों में जलन, चुभन और सूखापन का मुख्य कारण ड्राई आई होती है। यह समस्या तब पैदा होती है जब आंखों में जरूरत के हिसाब से आंसू नहीं बन पाते हैं या आंसू जल्दी सूख जाते हैं। इस परेशानी में आई ड्रॉप फायदेमंद साबित हो सकती है, लेकिन गलत आई ड्रॉप का इस्तेमाल आपकी परेशानी को और बढ़ा सकता है। उन्होंने साफ कहा कि हर आई ड्रॉप आंखों के लिए सुरक्षित नहीं होती। डॉक्टर तितियाल के मुताबिक लंबे समय तक स्क्रीन देखने, एयर कंडीशनर या पंखे की सीधी हवा लगने और उम्र बढ़ने जैसे कारणों से भी ड्राई आई की समस्या हो सकती है। कई मामलों में लोग बिना डॉक्टर की सलाह लिए मेडिकल स्टोर से कोई भी आई ड्रॉप खरीद लेते हैं, जो आगे चलकर गंभीर परेशानी का कारण बन सकती है। इसलिए आई ड्रॉप का इस्तेमाल हमेशा डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही करना चाहिए। खासतौर पर ऐसी ड्रॉप्स को लेकर विशेष सावधानी बरतनी चाहिए जिनमें स्टेरॉइड मौजूद होता है। यह कैसे पता चले कि आई ड्रॉप में स्टेरॉइड है या नहीं? इस सवाल पर डॉक्टर तितियाल कहते हैं कि कोई भी आई ड्रॉप खरीदने से पहले उसका इंग्रीडिएंट यानी सामग्री वाला लेबल जरूर पढ़ें और जरूरत पड़ने पर फार्मासिस्ट या डॉक्टर से पूछें कि उसमें स्टेरॉइड तो नहीं है। अगर उसमें स्टेरॉइड मौजूद है तो ऐसी आई ड्रॉप को बिलकुल न खरीदें। उन्होंने यह भी बताया कि अगर आई ड्रॉप डालने के बाद आंखों की लालिमा बढ़ रही है, जलन ज्यादा हो रही है, दर्द महसूस हो रहा है या नजर धुंधली पड़ रही है, तो बार-बार खुद से ड्रॉप डालते रहने के बजाय तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। आंखों की सेहत का ध्यान रखने के लिए डॉक्टर तितियाल ने एक खास तरीका भी सुझाया। अगर आपका ज्यादातर समय मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर की स्क्रीन पर ही गुजरता है, तो आंखों को लगातार स्क्रीन पर टिकाए रखने की आदत कम करें। इसके लिए बीस-बीस-बीस नियम बेहद मददगार हो सकता है। इस नियम के मुताबिक हर बीस मिनट में करीब बीस सेकंड के लिए बीस फीट दूर किसी चीज को देखें। इससे लगातार पास की स्क्रीन देखने से आंखों पर पड़ने वाला तनाव कम करने में मदद मिल सकती है। इस तरह छोटी-छोटी सावधानियां बरतकर आंखों को स्वस्थ और सुरक्षित रखा जा सकता है।
आंखों में खुद से आई ड्रॉप डालना कितना सही? डॉक्टर से जानें
आंखों में जलन, चुभन और सूखापन की समस्या से परेशान कई लोग बिना डॉक्टर से पूछे सीधे मेडिकल स्टोर से आई ड्रॉप खरीदकर डाल लेते हैं। क्या ऐसा करना सही है और इससे आंखों को फायदे की जगह नुकसान तो नहीं हो सकत
NRI Post Hindi Desk · 61 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




