|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

इटली के एयरपोर्ट पर 120 किमी की रफ्तार से आया तूफान, रनवे पर पलटे विमान, छत उड़ी

इटली के एमिलिया-रोमाग्ना इलाके में स्थित फोर्ली 'लुइजी रिडोल्फी' एयरपोर्ट पर 21 अगस्त को एक भीषण तूफान ने जमकर कहर बरपाया। करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज आंधी ने कुछ ही मिनटों में ए

NRI Post Hindi Desk · 92 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
इटली के एयरपोर्ट पर 120 किमी की रफ्तार से आया तूफान, रनवे पर पलटे विमान, छत उड़ी
📷 NRI Post Hindi Desk

इटली के एमिलिया-रोमाग्ना इलाके में स्थित फोर्ली 'लुइजी रिडोल्फी' एयरपोर्ट पर 21 अगस्त को एक भीषण तूफान ने जमकर कहर बरपाया। करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज आंधी ने कुछ ही मिनटों में एयरपोर्ट की तस्वीर बदल दी। तूफान के चलते रनवे और एप्रन पर खड़े कई हल्के ट्रेनिंग विमान खिलौनों की तरह हवा में उछलते और पलटते नजर आए। वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे छोटे विमान जमीन पर टिक नहीं पा रहे हैं और अपने पहियों के बल से उठकर उलट गए हैं। बताया जा रहा है कि यह तूफान करीब दस मिनट तक रहा, लेकिन इतने कम समय में ही एयरपोर्ट पर अफरातफरी मच गई। तेज हवाओं के झोंकों से कई विमान अपनी जगह से खिसककर काफी दूर तक घूमते हुए चले गए, जबकि कम से कम तीन से चार छोटे विमान पूरी तरह पलट गए। प्रभावित विमानों में सेसना 172 स्काईहॉक और टेकनम पी2008जेसी जैसे ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट शामिल बताए जा रहे हैं, जिनकी बॉडी जमीन से टकराने के कारण उन्हें काफी नुकसान पहुंचा है। तूफान का असर सिर्फ विमानों तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि एयरपोर्ट के अराइवल टर्मिनल की छत का एक हिस्सा भी तेज हवा में उड़ गया। एक मेंटेनेंस हैंगर को भी भारी नुकसान पहुंचा है। हालात को देखते हुए एयरपोर्ट का संचालन करीब एक घंटे के लिए रोक दिया गया ताकि रनवे और एप्रन को सुरक्षित किया जा सके। फोर्ली शहर में भी इस तूफान ने जमकर तबाही मचाई, जहां कई पेड़ उखड़कर सड़कों और गाड़ियों पर गिर गए। कुछ इमारतों को नुकसान पहुंचा और बिजली की लाइनें भी टूट गईं, जिससे शहर के केंद्र की एक दर्जन से ज्यादा सड़कों को मलबे के कारण बंद करना पड़ा। स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घटना में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई और कुल चार लोगों को मामूली चोटें आईं, जिनमें एयरफील्ड पर मौजूद दो लोग शामिल थे। तूफान के बाद इमरजेंसी टीमें तुरंत सक्रिय हो गईं और फायर ब्रिगेड ने पूरे इलाके में 150 से ज्यादा ऑपरेशन किए। टीमों ने क्षतिग्रस्त विमानों को सुरक्षित किया, विमान से जुड़ी ईंधन लाइनों में लीकेज की जांच की और सड़कों से मलबा हटाया। इस घटना के वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!