पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की रिहाई को लेकर सियासी घटनाक्रम में बड़ा मोड़ आया है। इमरान खान को जेल से बाहर लाने के लिए उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ यानी पीटीआई लगातार प्रदर्शन में डटी हुई है। इसी बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पीटीआई को एक बार फिर बातचीत के लिए बुलाया है। हालांकि, उन्होंने विपक्षी पार्टी से साफ शर्त रखी है कि अपना लॉन्ग मार्च तुरंत रद्द किया जाए। यह पेशकश ऐसे समय में आई है जब सरकार और पीटीआई के बीच पहले ही कई दौर की बातचीत बेनतीजा साबित हो चुकी है। बता दें कि पीटीआई ने खैबर पख्तूनख्वा के लक्की मरवत शहर से अपना मार्च शुरू किया था। पार्टी का मकसद इस्लामाबाद में धरना देकर इमरान खान की रिहाई की मांग करना है। इस मुद्दे पर सरकार और राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की पार्टी पीपीपी के साथ पीटीआई की दो दिनों तक लगातार बैठकें हुई थीं, लेकिन ये बातचीत बेनतीजा रही। बैठक बेनतीजा रहने के बाद प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने आरोप लगाया कि इस बातचीत का कोई सकारात्मक नतीजा इसलिए नहीं निकला क्योंकि विपक्षी दल का मकसद वार्ताओं को असफल करना था। उन्होंने दावा किया कि पीटीआई ने उन मुद्दों पर भी बदलाव की मांग रखी, जिन पर पहले ही सहमति बन चुकी थी। जेल में मुलाकात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पेच फंसा हुआ है। विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, शनिवार दोपहर शुरू हुआ बैठकों का दूसरा दौर पूरी रात चला था, लेकिन रविवार तड़के यह बताया गया कि इमरान खान से मुलाकात के मुद्दे पर बातचीत रुक गई। पीटीआई की जिद थी कि विरोध प्रदर्शन वापस लेने से पहले उन्हें जेल में इमरान खान से मिलने की अनुमति दी जाए। लेकिन सरकार की सख्त शर्त थी कि मुलाकात से पहले मार्च और विरोध प्रदर्शन को पूरी तरह खत्म किया जाए। अब पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के पीटीआई को फिर से मुलाकात करने के न्योते ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या सरकार इमरान खान की रिहाई की शर्त मान जाएगी? वार्ता नाकाम होने के बाद पीटीआई का विरोध काफिला फिलहाल खैबर पख्तूनख्वा में ही है और उम्मीद है कि हफ्ते के आखिर तक वह इस्लामाबाद की तरफ कूच करेगा। हालांकि, टकराव टालने के लिए पर्दे के पीछे से बातचीत अभी भी जारी है, क्योंकि दोनों पक्ष आम जनता और सुरक्षा एजेंसियों के बीच किसी भी हिंसा से बचना चाहते हैं। इससे पहले सरकार पहले ही चेतावनी दे चुकी है कि अगर मार्च नहीं रुका तो इसे रोकने के लिए बल प्रयोग भी किया जा सकता है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने देश की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि साल 2023 में डिफॉल्ट होने से बाल-बाल बचने के बाद देश की अर्थव्यवस्था अब पटरी पर लौट रही है। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई सालों में सभी ने मिलकर अर्थव्यवस्था में सुधार किया है और मैक्रोइकॉनॉमिक स्थिरता हासिल की है। ऐसे में इस तरह के प्रदर्शन देश की आर्थिक तरक्की को भारी नुकसान पहुंचा सकते हैं। गौरतलब है कि इमरान खान की पार्टी के मार्च से पहले इस्लामाबाद की किलेबंदी की गई है और दो हजार कंटेनर से दीवार बनाई गई है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार और पीटीआई के बीच चल रही पर्दे के पीछे की बातचीत किस नतीजे पर पहुंचती है और इमरान खान की रिहाई का रास्ता कब खुलता है।
इमरान खान की रिहाई पर बड़ा मोड़! शहबाज शरीफ ने पीटीआई को फिर दिया वार्ता का न्योता, मार्च रद्द करने की रखी शर्त
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की रिहाई को लेकर सियासी घटनाक्रम में बड़ा मोड़ आया है। इमरान खान को जेल से बाहर लाने के लिए उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ यानी पीटीआई लगातार प्रदर्शन मे
NRI Post Hindi Desk · 49 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।


