वाशिंगटन स्थित अमेरिकी संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा में मंगलवार को ईरान युद्ध को समाप्त करने के संबंध में तीसरी बार मतदान किया गया। इस प्रस्ताव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से आह्वान किया गया है कि वे ईरान युद्ध को समाप्त करें अथवा इसे जारी रखने के लिए संसद से औपचारिक मंजूरी हासिल करें। यह मतदान ऐसे समय हुआ है जब युद्ध को लेकर ट्रंप को उनके ही देश में तीखी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। दोनों दलों के कई नेता ही नहीं बल्कि अमेरिकी मतदाता भी उनके इस कदम को पसंद नहीं कर रहे हैं। ज्यादातर डेमोक्रेट सांसदों के साथ ही सात रिपब्लिकन सांसदों ने भी इस प्रस्ताव का समर्थन किया। यह प्रस्ताव 220 मतों के पक्ष में पारित हुआ जबकि विरोध में 204 मत पड़े। हालांकि यह प्रस्ताव कानूनी रूप से बाध्यकारी नहीं है, लेकिन इसका मकसद यह है कि ट्रंप प्रशासन अपना सैन्य अभियान रोके या फिर मतदान के जरिये संसद से मंजूरी हासिल करे। इस बार पहले की तुलना में ज्यादा रिपब्लिकन सांसद डेमोक्रेट सांसदों के साथ युद्ध समाप्त करने के पक्ष में शामिल हुए। रिपब्लिकन सांसद सेठ मोल्टन ने कहा कि ईरान के साथ युद्ध न केवल विफल रहा है बल्कि उल्टा भी पड़ गया है। मोल्टन और प्रस्ताव के पक्ष में वोट करने वाले अन्य रिपब्लिकन सांसदों ने देश के गोला-बारूद के कम होते भंडार, ऊर्जा लागत बढ़ने और ट्रंप के वादों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गत फरवरी में जब ईरान के खिलाफ बमबारी शुरू की गई थी, तब ट्रंप और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने वादा किया था कि यह अभियान कुछ हफ्ते चलेगा, लेकिन यह इससे कहीं लंबे समय तक खींच चुका है। इसी बीच रिपब्लिकन सांसद थामस मैसी ने रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग चलाने के लिए प्रतिनिधि सभा में एक प्रस्ताव पेश किया है। ईरान के खिलाफ युद्ध और उनके आचरण को लेकर यह प्रस्ताव लाया गया है। मैसी ने मंगलवार को सदन में हेगसेथ पर गंभीर अपराधों और कदाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि हेगसेथ ने 1973 के वार पावर रिजोल्यूशन का उल्लंघन किया और ईरान युद्ध में अमेरिकी सेना की भागीदारी को समाप्त करने के संबंध में संसद के निर्देशों को नजरअंदाज किया। इस प्रकार अमेरिकी संसद में ईरान युद्ध को लेकर राजनीतिक दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है और ट्रंप प्रशासन के सामने संसदीय मंजूरी हासिल करने की चुनौती खड़ी हो गई है।
ईरान युद्ध पर अमेरिकी संसद में तीसरी बार मतदान, ट्रंप पर संसदीय मंजूरी लेने का दबाव
वाशिंगटन स्थित अमेरिकी संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा में मंगलवार को ईरान युद्ध को समाप्त करने के संबंध में तीसरी बार मतदान किया गया। इस प्रस्ताव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से आह्वान किया गया है कि
NRI Post Hindi Desk · 69 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 अमेरिका
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





