ईरान के साथ जारी संघर्ष अमेरिका के लिए लगातार भारी पड़ता जा रहा है और इसका सबसे बड़ा असर वहां के ईंधन बाजार पर देखने को मिल रहा है। अमेरिकन ऑटोमोबाइल एसोसिएशन के आंकड़ों के मुताबिक 19 सितंबर को अमेरिका में डीजल की राष्ट्रीय औसत कीमत 6.4866 डॉलर प्रति गैलन तक पहुंच गई, जिसने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। इससे ठीक एक सप्ताह पहले यानी 6.16 डॉलर प्रति गैलन के स्तर पर यह कीमत थी, यानी महज सात दिनों में डीजल करीब 33 सेंट यानी 5.3 प्रतिशत तक महंगा हो गया। यह बढ़ोतरी अमेरिका में महंगाई के जोखिम को लगातार बढ़ा रही है। आंकड़ों पर नजर डालें तो एक साल पहले डीजल की राष्ट्रीय औसत कीमत 3.71 डॉलर प्रति गैलन थी, जबकि अब यह लगभग 75 प्रतिशत अधिक महंगा हो चुका है। अमेरिका और इजरायल ने पहली बार 28 फरवरी को ईरान पर हमला किया था और उसके बाद जैसे-जैसे युद्ध भड़कता गया, डीजल की कीमतें भी बढ़ती चली गईं। युद्ध शुरू होने से ऐन पहले यानी 27 फरवरी को डीजल 3.75 डॉलर प्रति गैलन पर था, जो अब 6.49 डॉलर के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया है। इसका मतलब है कि अमेरिका का एक आम उपभोक्ता अब होर्मुज संकट से पहले की तुलना में प्रति गैलन करीब 73 प्रतिशत अधिक भुगतान करने को मजबूर है। कैलिफोर्निया अमेरिका का सबसे महंगा ईंधन बाजार बन चुका है, जहां डीजल की औसत कीमत 8.4161 डॉलर प्रति गैलन है, जो राष्ट्रीय औसत से करीब दो डॉलर प्रति गैलन अधिक है। इस संकट की सबसे बड़ी वजह होर्मुज जलडमरूमध्य है, जो 28 फरवरी को संघर्ष शुरू होने के बाद से बुरी तरह बाधित है। दुनिया की कुल तेल जरूरत के 20 प्रतिशत को पूरा करने वाले इस समुद्री तेल मार्ग को ईरान ने बंद कर दिया है, जिससे वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति का पांचवां हिस्सा ठप पड़ा है। ईरान से जंग और होर्मुज संकट ने मिलकर अमेरिका की ही तेल निकाल दी है। मार्च की रिपोर्ट के मुताबिक युद्ध के चलते खाड़ी क्षेत्र के आठ प्रमुख उत्पादक देशों से तेल निर्यात फरवरी के स्तर से कम से कम 60 प्रतिशत गिर गया था, वहीं रूसी रिफाइनरियों पर हमलों और मध्य पूर्वी देशों के रिफाइनिंग व निर्यात ढांचे में आई रुकावटों ने हालात और गंभीर बना दिए। वैश्विक तेल संकट के बीच अमेरिका उन बाजारों को रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति कर रहा है, जो कमी का सामना कर रहे हैं, लेकिन इससे अमेरिका के घरेलू डीजल भंडार पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। अमेरिकी ऊर्जा सूचना प्रशासन के अनुसार डीजल की कीमतें अब केवल कच्चे तेल की कीमतों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि क्रूड की लागत, रिफाइनिंग मार्जिन, वितरण खर्च, कर और डीजल के क्रैक स्प्रेड को भी दर्शाती हैं। डीजल का महत्व केवल ईंधन टैंक तक सीमित नहीं है, क्योंकि यह भारी ट्रकों, ट्रेनों, कृषि मशीनों और मछली पकड़ने वाली नावों समेत अमेरिकी माल ढुलाई नेटवर्क के बड़े हिस्से को प्रभावित करता है। इसी वजह से डीजल संकट अर्थव्यवस्था पर सीधा असर डालता है और कीमतों में बढ़ोतरी माल ढुलाई दरों, कृषि लागत, खाद्य पदार्थों की कीमतों तथा औद्योगिक लागत के जरिए आखिरकार उपभोक्ता पर महंगाई का बोझ बढ़ा देती है। अमेरिकी ट्रक चालकों, किसानों और व्यवसायों पर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है और ट्रंप के लिए यह तेल का खेल बड़ी चिंता का सबब बन चुका है, क्योंकि उन्होंने ईरान को लेकर यह तक कह दिया था कि अमेरिका वेनेजुएला की तरह ईरान में बने रहने और तेल का खजाना अपने पास रखने का फैसला कर सकता है।
ईरान संघर्ष और होर्मुज संकट से अमेरिका में डीजल का दाम रिकॉर्ड स्तर पर, ट्रंप की बढ़ी चिंता
ईरान के साथ जारी संघर्ष अमेरिका के लिए लगातार भारी पड़ता जा रहा है और इसका सबसे बड़ा असर वहां के ईंधन बाजार पर देखने को मिल रहा है। अमेरिकन ऑटोमोबाइल एसोसिएशन के आंकड़ों के मुताबिक 19 सितंबर को अमेरिक
NRI Post Hindi Desk · 65 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 अमेरिका
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





