|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
कारोबार

ई20 के नाम पर ई30 का खेल? कर्नाटक सरकार ने 63 सैंपल में पकड़ी गड़बड़ी, तेल कंपनियों से मांगा जवाब

कर्नाटक सरकार ने पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा को लेकर बड़ा दावा किया है। राज्य के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के मंत्री रिजवान अरशद का आरोप है कि पेट्रोल के कुछ सैंपल में इथेनॉल की मात्रा

NRI Post Hindi Desk · 14 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
ई20 के नाम पर ई30 का खेल? कर्नाटक सरकार ने 63 सैंपल में पकड़ी गड़बड़ी, तेल कंपनियों से मांगा जवाब
📷 NRI Post Hindi Desk

कर्नाटक सरकार ने पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा को लेकर बड़ा दावा किया है। राज्य के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के मंत्री रिजवान अरशद का आरोप है कि पेट्रोल के कुछ सैंपल में इथेनॉल की मात्रा 31.2 प्रतिशत तक मिली है, जबकि तय मानक के अनुसार यह 20 प्रतिशत होनी चाहिए। यानी ई20 के नाम पर ई30 बेचे जाने का मामला सामने आया है। मंत्री ने तेल कंपनियों से 63 सैंपल की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है और केंद्र सरकार से अपील की है कि वाहन मालिकों को अपनी गाड़ी के मुताबिक ई10, ई20, ई30 और शुद्ध पेट्रोल चुनने की आजादी मिलनी चाहिए। सोमवार को मंत्री रिजवान अरशद ने कहा कि राज्य सरकार अपनी जांच रिपोर्ट और दावों पर कायम है। उनका आरोप है कि तेल विपणन कंपनियां पेट्रोल में निर्धारित 20 प्रतिशत से ज्यादा इथेनॉल मिला रही हैं, जिससे वाहनों के इंजन को नुकसान पहुंच सकता है और आम लोगों की जेब पर भी बोझ बढ़ेगा। मंत्री के मुताबिक राज्य सरकार ने सैंपल इकट्ठा करने और उनकी जांच कराने में तय नियमों का पालन किया है, लेकिन तेल कंपनियां जांच के नतीजों पर सीधे जवाब देने के बजाय सैंपल लेने की प्रक्रिया और लैब की विश्वसनीयता पर सवाल उठा रही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि जब आरोपी ही न्यायाधीश बन जाए तो न्याय कहां है, और तेल कंपनियों को इस मामले में आरोपी और न्यायाधीश दोनों की भूमिका निभाने की इजाजत नहीं दी जा सकती। मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने मोटर स्पिरिट और हाई स्पीड डीजल आदेश, 2005 के क्लॉज 8(3) के तहत पेट्रोल के सैंपल लिए थे। इस नियम के मुताबिक सैंपल लेने के दौरान अधिकृत अधिकारियों और संबंधित पेट्रोल पंप अधिकारी की मौजूदगी जरूरी होती है, सैंपल पर संयुक्त रूप से लेबल लगाया जाता है और हस्ताक्षर लिए जाते हैं। इस प्रक्रिया में एक सैंपल के तीन हिस्से किए जाते हैं, पहला हिस्सा पेट्रोल पंप को, दूसरा विभाग अपने पास रखता है और तीसरा जांच के लिए लैब भेजा जाता है। अरशद ने दावा किया कि सरकार के पास सैंपल लेने से जुड़े सभी दस्तावेज मौजूद हैं और एक भी सैंपल तय प्रक्रिया से हटकर नहीं लिया गया है। इथेनॉल ब्लेंडिंग को लेकर मंत्री ने स्पष्ट किया कि पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने का काम स्वचालित प्रक्रिया के तहत तेल कंपनियों के टर्मिनल पर होता है, इसे पेट्रोल पंप पर अलग-अलग स्तर पर नहीं मिलाया जाता। उनकी जानकारी के मुताबिक कर्नाटक में छह ऐसे टर्मिनल हैं जहां तेल कंपनियां पेट्रोल में इथेनॉल की ब्लेंडिंग करती हैं, इसलिए पेट्रोल पंप संचालकों या डीलरों को इस कथित अतिरिक्त ब्लेंडिंग के लिए जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कंपनियों के अधिकारी खुद पेट्रोल पंपों पर हाइड्रोमीटर किट से इथेनॉल की जांच कर सकते हैं, तो सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त लैब से कराई गई जांच पर सवाल क्यों उठाए जा रहे हैं। उन्होंने अगस्त 2025 में जारी तीसरे संशोधन नियम का भी जिक्र किया, जिसमें पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा मापने के लिए फूरियर ट्रांसफॉर्म इंफ्रारेड स्पेक्ट्रोस्कोपी, वाटर एक्सट्रैक्शन और गैस क्रोमैटोग्राफी जैसी तकनीकों का जिक्र है। मामले में केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी के हालिया बयान का भी जिक्र किया गया है, जिन्होंने विभागीय स्तर पर जांच की बात कही थी।

🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!