राज्य गठन के 25 वर्षों में उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था ने अपनी दिशा में व्यापक बदलाव दर्ज किया है। जहां शुरुआती दौर में औद्योगिक विकास और सिडकुल की स्थापना ने निवेश और रोजगार के अवसर प्रदान किए, वहीं अब पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, सूचना प्रौद्योगिकी और डिजिटल सेवाएं राज्य के विकास के प्रमुख आधार बनकर उभरी हैं। यह जानकारी दून विश्वविद्यालय के प्रबंधन संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. एचसी पुरोहित ने ‘उत्तराखंड आर्थिक @25 और भविष्य की संभावनाएं’ विषय पर आयोजित एक आभासी व्याख्यान में दी। इस व्याख्यान का आयोजन श्री त्रिलोचन उप्रेती स्मृति हिमालयी शोध संस्थान की ओर से किया गया था, जिसमें राज्य के आर्थिक सफर के विभिन्न पड़ावों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रो. पुरोहित ने बताया कि वर्ष 2000 से 2010 के बीच औद्योगिक विस्तार ने राज्य की अर्थव्यवस्था को गति दी, जिसके बाद शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण विस्तार हुआ। वर्ष 2020 के बाद स्टार्टअप, सूचना प्रौद्योगिकी, डिजिटल सेवाओं और हरित अर्थव्यवस्था को विकास के नए अवसरों के रूप में पहचाना जाने लगा है। पर्यटन के क्षेत्र में हुए उल्लेखनीय विस्तार पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि जहां वर्ष 2000 में राज्य में लगभग 1.11 करोड़ घरेलू पर्यटक आए थे, वहीं 2023 में यह संख्या बढ़कर लगभग 5.46 करोड़ तक पहुंच गई है। उन्होंने चारधाम यात्रा के साथ-साथ वन्यजीव, साहसिक और प्रकृति आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर दिया ताकि इसे स्थानीय रोजगार और उद्यमिता से जोड़ा जा सके। शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि 25 वर्षों में स्मार्ट कक्षाओं, सूचना संचार प्रौद्योगिकी, डिजिटल शिक्षा, राष्ट्रीय शिक्षा नीति तथा अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट जैसी व्यवस्थाएं लागू हुई हैं। अब शिक्षा को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नवाचार, शोध और उद्योग की आवश्यकताओं से जोड़ना आवश्यक है। पर्वतीय क्षेत्रों के आर्थिक विकास के लिए उन्होंने बागवानी, जैविक खेती, स्थानीय उत्पादों के प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन पर विशेष जोर दिया। साथ ही महिला शिक्षा और उनकी आर्थिक भागीदारी को भी समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि हिमालयी राज्य होने के नाते उत्तराखंड के लिए आर्थिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना अनिवार्य है। पर्यटन, सूचना प्रौद्योगिकी, शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और स्थानीय उद्यमिता को साथ लेकर चलने से अगले 25 वर्षों के लिए एक टिकाऊ आर्थिक मॉडल तैयार किया जा सकता है, जो राज्य के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा।
उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था का बदला स्वरूप: सिडकुल से स्टार्टअप तक, अगले 25 साल की रूपरेखा तैयार
राज्य गठन के 25 वर्षों में उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था ने अपनी दिशा में व्यापक बदलाव दर्ज किया है। जहां शुरुआती दौर में औद्योगिक विकास और सिडकुल की स्थापना ने निवेश और रोजगार के अवसर प्रदान किए, वहीं अब
NRI Post Hindi Desk · 106 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





