देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली है, जिससे कई राज्यों में तबाही का आलम है। उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। इससे जान-माल का भी काफी नुकसान देखने को मिल रहा है। राजधानी दिल्ली में शनिवार को हल्की बारिश के बाद तापमान सामान्य से नीचे आ गया है, जिसे देखते हुए भारतीय मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया था। मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जाएगा। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना डिप्रेशन उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की तरफ बढ़ गया है, जिसकी वजह से रविवार को भी बारिश होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश में भारी बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में 13 लोगों की मौत हो गई है और 17 लोग घायल बताए गए हैं। कई इलाकों में बाढ़ और अचानक जलभराव का खतरा पैदा हो गया है। पिछले 24 घंटों में राज्य में सामान्य से 19 गुना ज्यादा बारिश हुई है, जिससे खड़ी फसलें और 117 कच्चे मकान पूरी तरह तबाह हो गए हैं। कच्ची दीवारें और मकान गिरने से 5 लोगों की मौत भी हो गई, जबकि तेज हवाओं और भारी बारिश के चलते पेड़ उखड़ने से हुए हादसों में 5 लोगों की जान चली गई। लखीमपुर खीरी, अमेठी, बाराबंकी और गोरखपुर जिलों से जनहानि की खबरें सामने आई हैं। वहीं लखनऊ के चाइना गांव में मिट्टी के घर की दीवार ढहने से एक ही परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए, जिन्हें सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। कन्नौज में लगातार बारिश से 20 कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। बस्तर संभागीय मुख्यालय जगदलपुर में बाढ़ से हालात बेहद खराब हो चुके हैं। चक्रवाती तूफान अर्नब के बाद लगातार 5 दिनों तक हुई भारी बारिश ने पूरे बस्तर के हालात बिगाड़ दिए हैं। आज सुबह से ही जगदलपुर के निकट डोंगाघाट में बाढ़ के बीच 80 से अधिक लोग फंसे हुए हैं, जिन्हें हेलीकॉप्टर के माध्यम से रेस्क्यू किया जा रहा है। अब तक करीब 20 लोगों को हेलीकॉप्टर की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है और लगातार रेस्क्यू अभियान जारी है। जगदलपुर शहर में 13 से अधिक राहत शिविर बनाए गए हैं, जहां 500 से अधिक बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित रखा गया है। बारिश थमने से थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन इंद्रावती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। बांदा, वाराणसी, उन्नाव, प्रयागराज, श्रावस्ती, एटा, बदायूं, गोरखपुर, बरेली, बलरामपुर और पीलीभीत समेत कई जिलों में नदियां उफान पर हैं, अस्पताल और सार्वजनिक स्थल पानी में डूब गए हैं और फसलें बर्बाद हो गई हैं। चक्रवाती मौसम और आंधी-तूफान के कारण कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए हैं, जिसका असर बिजली सप्लाई पर भी पड़ा है। उत्तर प्रदेश के अलावा छत्तीसगढ़ के गरियाबंद, राजनांदगांव, बलौदा बाजार और बस्तर में भी भारी बारिश ने तबाही मचाई है। बस्तर और जगदलपुर में पिछले 5 दिनों की मूसलाधार बारिश से 15 साल का रिकॉर्ड टूट गया है और प्रशासन ने सैकड़ों लोगों का रेस्क्यू किया है। नेपाल में भारी बारिश के कारण कोसी और गंडक नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है, जिससे तटीय इलाकों में लोग फंस गए हैं। इसके अलावा मध्य प्रदेश के मंडला और पन्ना में केन और मदासन नदियां उफान पर हैं, जबकि हिमाचल प्रदेश के किन्नौर और उत्तराखंड के चमोली, टिहरी तथा सीमावर्ती इलाकों में भारी बारिश के साथ बर्फबारी से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। केदारनाथ धाम में पिछले 24 घंटे से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है, जिसके चलते सुरक्षा कारणों से आज भी यात्रा पर रोक लगा दी गई है। सोनप्रयाग से ही यात्रियों को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। मौसम खराब होने के कारण तीर्थयात्री जगह-जगह रुके हुए हैं और हालात सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं।
उत्तराखंड समेत कई राज्यों में मूसलाधार बारिश से तबाही, 13 की मौत, केदारनाथ यात्रा रोकी गई
देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली है, जिससे कई राज्यों में तबाही का आलम है। उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने बाढ़ जैसे
NRI Post Hindi Desk · 58 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





