उत्तरकाशी के कलक्ट्रेट परिसर स्थित डाकघर शाखा में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त महिला कर्मचारी की 10 लाख रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) की धनराशि कथित तौर पर गबन कर ली गई। पीड़िता सुमित्रा देवी ने बताया कि वह वर्ष 2019 में स्वास्थ्य विभाग से बेसिक हेल्थ वर्कर पद से सेवानिवृत्त हुई थीं और बीते वर्ष पांच दिसंबर को उन्होंने डाकघर की कलक्ट्रेट शाखा में एक वर्ष की अवधि के लिए 10 लाख रुपये की एफडी कराई थी। जीवनभर की कमाई से भविष्य के लिए जोड़ी गई रकम को सुरक्षित समझकर डाकघर में जमा कराने वाली महिला के लिए तब बड़ा झटका साबित हुआ जब गत सितंबर माह में पासबुक गुम होने पर वह उसकी दूसरी प्रति लेने डाकघर पहुंची। इस दौरान उन्हें धनराशि के गायब होने की जानकारी देते हुए पासबुक की प्रति देने से इनकार कर दिया गया, जिससे उनके होश उड़ गए। एफडी की अवधि पूरी होने में करीब डेढ़ माह का समय शेष था, लेकिन भविष्य की जरूरतों के लिए सुरक्षित रखी गई रकम नहीं मिलने से सकते में आई महिला ने कोतवाली उत्तरकाशी पहुंचकर पुलिस से शिकायत की और कार्रवाई की मांग की। शहर कोतवाल दिनेश कुमार ने बताया कि करीब 15 दिन पूर्व मिली शिकायत की जांच में प्रथम दृष्टया गबन का मामला सामने आने पर शनिवार को अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गबन संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है और मामले की विवेचना उपनिरीक्षक संगीता नौटियाल को सौंपी गई है। विवेचक संगीता नौटियाल ने बताया कि पीड़िता ने बीते वर्ष पांच दिसंबर को एफडी कराई थी और तफ्तीश में धनराशि के इस वर्ष मई माह में गबन किए जाने का पता चला है। पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों और दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है, हालांकि प्रकरण में डाक विभाग की ओर से जांच में अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने की बात भी सामने आई है। इधर, मामले में सहायक अधीक्षक डाक प्रदीप पंत से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने काल रिसीव नहीं किया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
उत्तरकाशी में सेवानिवृत्त महिला कर्मचारी की 10 लाख की एफडी गायब, पासबुक की कॉपी मांगने पर मिला झटका
उत्तरकाशी के कलक्ट्रेट परिसर स्थित डाकघर शाखा में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त महिला कर्मचारी की 10 लाख रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) की धनराशि कथित तौर पर
NRI Post Hindi Desk · 37 दिन पहले · अपडेट 16 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




