नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को एक बार फिर बड़ी शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा है। एनटीए ने यूजीसी-नेट जून 2026 परीक्षा के तहत तीन विषयों अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र की परीक्षा को रद्द करने का फैसला किया है। यह निर्णय प्रश्नपत्रों में पाई गई गंभीर खामियों के बाद एक विशेषज्ञ समिति की सिफारिश पर लिया गया है। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए राहत की बात यह है कि री-एग्जाम के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। एनटीए ने 22 से 30 जून 2026 के बीच 87 विषयों के लिए यह परीक्षा आयोजित की थी, जिसके बाद तीन विषयों के पेपर में तथ्यात्मक और तकनीकी त्रुटियों की कई शिकायतें सामने आई थीं। जांच के दौरान समिति ने पाया कि इन तीनों विषयों के प्रश्नपत्रों में टाइपिंग, अनुवाद, व्याकरण और तथ्यों से जुड़ी कई गंभीर गलतियां थीं। प्रसिद्ध विद्वानों के नाम गलत लिखे गए थे, किताबों के टॉपिक अस्पष्ट थे और कई पुराने प्रश्न भी दोहराए गए थे। समिति ने यह माना कि महज चैलेंज प्रक्रिया से इन गलतियों को सुधारा नहीं जा सकता था, इसलिए पारदर्शिता और निष्पक्षता के लिए दोबारा परीक्षा कराना ही एकमात्र विकल्प था। एनटीए की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, अब अंग्रेजी विषय की परीक्षा 9 सितंबर 2026 को पहली पाली में सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी, जबकि कॉमर्स की परीक्षा उसी दिन दूसरी पाली में दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसके अलावा समाजशास्त्र की परीक्षा 10 सितंबर 2026 को पहली पाली में सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक कराई जाएगी। एनटीए ने साफ किया है कि बाकी 84 विषयों के नतीजे पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार ही घोषित किए जाएंगे और इस री-एग्जाम की वजह से जेआरएफ आवंटन, असिस्टेंट प्रोफेसर पात्रता और पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया में कोई देरी नहीं होगी। परीक्षा शहर, केंद्र और एडमिट कार्ड से जुड़ी सभी जानकारियां जल्द ही एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर साझा की जाएंगी। असिस्टेंट प्रोफेसर की पात्रता के लिए अभ्यर्थियों की संख्या जून में हुई मूल परीक्षा या री-टेस्ट में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों का छह प्रतिशत रखी जाएगी, जो भी अधिक होगा। किसी भी स्थिति में पहले से आवंटित सीटों की संख्या घटाई नहीं जाएगी। इस बीच सियासी हलकों में भी इस मामले को लेकर हलचल तेज हो गई है। पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि बदनाम एनटीए एक बार फिर जांच के दायरे में है और उम्मीद की जानी चाहिए कि इस बार छोटे स्तर के लोगों को राजनीतिक जिम्मेदारी से बचाने के लिए दबाव नहीं डाला जाएगा। अब सभी की नजरें एनटीए द्वारा जारी किए जाने वाले नए कार्यक्रम पर टिकी हैं, ताकि अभ्यर्थियों को आगे की राह साफ हो सके।
एनटीए की फिर किरकिरी! यूजीसी-नेट के तीन विषयों की परीक्षा रद्द, नई तारीखों का ऐलान
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को एक बार फिर बड़ी शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा है। एनटीए ने यूजीसी-नेट जून 2026 परीक्षा के तहत तीन विषयों अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र की परीक्षा को रद्द करने का फैसल
NRI Post Hindi Desk · 100 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





