एनसीआर अब केवल दिल्ली तक सीमित महानगरीय क्षेत्र नहीं रहा है, बल्कि यह देश के प्रमुख आर्थिक और रियल एस्टेट केंद्रों में से एक बन चुका है। गुरुग्राम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद जैसे शहर इस विकास में अहम भूमिका निभा रहे हैं। प्रॉपइक्विटी की रिपोर्ट के मुताबिक, एनसीआर का आवासीय संपत्ति बाजार तेजी से विस्तार कर रहा है। रिपोर्ट में बढ़ती मांग, घरों की कीमतों में वृद्धि और बड़े डेवलपरों की मजबूत होती स्थिति को प्रमुख बदलाव बताया गया है। प्रॉपइक्विटी की रिपोर्ट के अनुसार, एनसीआर में आवासीय संपत्तियों की बिक्री का कुल मूल्य 2025 में करीब 1.63 लाख करोड़ रुपये रहा, जो 2023 में लगभग 94,000 करोड़ रुपये था। इस तरह दो वर्षों में बिक्री मूल्य में करीब 73 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुग्राम का योगदान सबसे अधिक रहा और 2025 में यहां लगभग 1 लाख करोड़ रुपये मूल्य की आवासीय संपत्तियों की बिक्री हुई। रिपोर्ट में बताया गया है कि एनसीआर में घरों की मांग के साथ-साथ नई परियोजनाओं की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2010 से 2025 के बीच नए आवासीय प्रोजेक्ट की औसत कीमत में सालाना लगभग 12 प्रतिशत की चक्रवृद्धि वृद्धि दर्ज की गई। रिपोर्ट के अनुसार, एनसीआर के अलग-अलग शहरों में संपत्ति की कीमतों में वृद्धि की रफ्तार अलग-अलग रही है। वर्ष 2021 से 2025 के बीच नोएडा एक्सप्रेसवे क्षेत्र में घरों की औसत बिक्री कीमत में सालाना करीब 34 प्रतिशत की चक्रवृद्धि वृद्धि दर्ज की गई। ग्रेटर नोएडा में यह वृद्धि लगभग 33 प्रतिशत रही, इसी अवधि में गाजियाबाद में औसत कीमत करीब 28 प्रतिशत की सालाना चक्रवृद्धि दर से बढ़ी, जबकि फरीदाबाद में यह दर लगभग 6 प्रतिशत रही। गुरुग्राम में भी कई प्रमुख आवासीय क्षेत्रों में कीमतें बढ़ीं। रिपोर्ट के मुताबिक, गोल्फ कोर्स रोड, गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड, सदर्न पेरिफेरल रोड और द्वारका एक्सप्रेसवे जैसे इलाकों में आवासीय बाजार की गतिविधियां अलग-अलग स्तर पर बढ़ीं। रिपोर्ट में एनसीआर के आवासीय बाजार में प्रीमियम और लग्जरी घरों की बढ़ती मांग को भी प्रमुख रुझान बताया गया है। 2021 से 2025 के बीच 8 करोड़ रुपये से अधिक कीमत वाले घरों की बिक्री में लगभग 36 गुना वृद्धि दर्ज की गई। 4 से 8 करोड़ रुपये की श्रेणी में यह वृद्धि करीब 10 गुना रही, जबकि 2 से 4 करोड़ रुपये के घरों की बिक्री लगभग सात गुना बढ़ी। जेएमएस ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर पुष्पेंद्र सिंह के मुताबिक, गुरुग्राम के लग्जरी रियल एस्टेट बाजार में अब अलग-अलग इलाकों की अपनी खास पहचान बन रही है। गोल्फ कोर्स रोड अपनी प्रतिष्ठा और प्रीमियम घरों के लिए जाना जाता है, जबकि गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड उन खरीदारों को आकर्षित कर रहा है, जो बेहतर सुविधाओं के साथ अपेक्षाकृत किफायती विकल्प चाहते हैं। एसपीआर में विकास की अच्छी संभावनाएं हैं, वहीं न्यू गुरुग्राम आने वाले वर्षों में शहर के विकास का प्रमुख केंद्र बन सकता है। दूसरी ओर, द्वारका एक्सप्रेसवे पर हवाई अड्डे तक सीधी कनेक्टिविटी के कारण लग्जरी आवासीय परियोजनाओं की मांग बढ़ी है। पायनियर अर्बन के ऋषभ पेरिवाल का कहना है कि गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड बेहतर सड़क व्यवस्था, कम भीड़भाड़ और आसान आवागमन के कारण तेजी से पसंदीदा रिहायशी क्षेत्र बन रहा है। यहां घरों में प्राकृतिक रोशनी, खुली जगहों और सामुदायिक सुविधाओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है। यही वजह है कि यह इलाका उन खरीदारों को आकर्षित कर रहा है, जो अच्छे रहन-सहन के साथ भविष्य में अपने निवेश की कीमत बढ़ने की भी उम्मीद रखते हैं।
एनसीआर में घरों की कीमतों में जबरदस्त उछाल, 8 करोड़ से ऊपर के फ्लैट की बिक्री 36 गुना बढ़ी
एनसीआर अब केवल दिल्ली तक सीमित महानगरीय क्षेत्र नहीं रहा है, बल्कि यह देश के प्रमुख आर्थिक और रियल एस्टेट केंद्रों में से एक बन चुका है। गुरुग्राम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद जैसे शहर
NRI Post Hindi Desk · 45 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





