संसद के मॉनसून सत्र में एफसीआरए बिल को लेकर जारी सियासी घमासान के बीच राज्यसभा सांसद सुजीत कुमार ने अमेरिकी सांसद रिले मूर को एक पत्र लिखकर उनके बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है। अपनी चिट्ठी में सुजीत कुमार ने साफ किया है कि भारत के एक सांसद के नात्र यह उनका कर्तव्य है कि वे एफसीआरए बिल को लेकर रिले मूर द्वारा उठाई गई आशंकाओं और चिंताओं का जवाब दें। राज्यसभा सांसद ने अपने पत्र में लिखा है कि अमेरिकी सांसद का यह बयान पूरी तरह से मिसगाइडेड है और यह दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों के हित में नहीं है। सुजीत कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि रिले मूर का यह बयान भारतीय ईसाइयों के लिए भी उचित नहीं है, क्योंकि वे उन्हीं के नाम पर इन चिंताओं को उठाने का दावा कर रहे हैं। इस बीच, भारतीय दूतावास ने भी एफसीआरए 2026 को लेकर मीडिया और नागरिक समाज के बीच फैली कई गलतफहमियों को दूर करने की कोशिश की है। दूतावास के अनुसार, विदेशी फंड को नियंत्रित करना सीधे तौर पर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा हुआ मामला है और दुनिया के कई लोकतांत्रिक देशों में भी इस तरह के नियम पहले से लागू हैं। दूतावास ने उन रिपोर्टों को खारिज किया है, जिनमें दावा किया जा रहा है कि इस कानून के तहत विदेशी चंदे पर निर्भर एनजीओ, धार्मिक चैरिटी, पूजा स्थल, अस्पताल, स्कूल और अन्य धर्मार्थ संस्थाओं की संपत्ति जब्त की जा सकती है। दूतावास का स्पष्ट कहना है कि भारत अंतरराष्ट्रीय साझेदारी और विदेशी योगदान का स्वागत करता है, लेकिन इसके लिए पहले से बनाई गई कानूनी व्यवस्था के तय नियमों और कानूनों का पालन करना जरूरी है। वहीं, विपक्षी दल कांग्रेस ने भी इस बिल का कड़ा विरोध जारी रखा है। कांग्रेस ने एफसीआरए बिल को ईसाई विरोधी बताते हुए आरोप लगाया है कि नए नियमों का सबसे ज्यादा असर दूर-दराज, ग्रामीण और आदिवासी इलाकों में चल रहे ईसाई संगठनों, स्कूलों और अस्पतालों पर पड़ेगा। कांग्रेस नेताओं का यह भी कहना है कि इस कानून से धार्मिक और सामाजिक कार्यों में लगी संस्थाओं के काम करने की राह में बड़ी बाधाएं आएंगी। गौरतलब है कि एफसीआरए बिल को लेकर संसद में इन दिनों भारी हंगामा देखने को मिल रहा है और मॉनसून सत्र के अंतिम चार दिनों में इस मुद्दे पर और तेजी से बहस होने की संभावना है।
एफसीआरए पर अमेरिकी सांसद को राज्यसभा सांसद की चिट्ठी, कहा- आपका बयान भारत-अमेरिका हित में नहीं
संसद के मॉनसून सत्र में एफसीआरए बिल को लेकर जारी सियासी घमासान के बीच राज्यसभा सांसद सुजीत कुमार ने अमेरिकी सांसद रिले मूर को एक पत्र लिखकर उनके बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है। अपनी चिट्ठी में सुजीत कुमा
NRI Post Hindi Desk · 106 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 अमेरिका
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





