एशियाई खेलों के दूसरे दिन भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपने दूसरे ग्रुप चरण के मुकाबले में इंडोनेशिया को 17-1 के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी। इस जीत में दीपिका, ऋतुजा और नवनीत ने हैट्रिक बनाकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। भारतीय टीम अब अगले मुकाबले में कल थाईलैंड के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। वहीं कबड्डी में भारतीय पुरुष टीम ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है। पहले ग्रुप मैच में भारत ने मेजबान जापान को 49-24 के अंतर से हराकर दमदार जीत दर्ज की। भारतीय टीम अब कल सुबह सात बजकर पंद्रह मिनट पर दक्षिण कोरिया के खिलाफ भिड़ेगी। निशानेबाजी में भारत का दबदबा देखने को मिला है। पुरुषों की दस मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत को दो पदक मिले हैं, जिसमें हिमांशु ढिल्लों ने रजत और रुद्रांक्ष बालासाहेब पाटिल ने कांस्य पदक अपने नाम किया। हिमांशु ने 252.4 अंक बनाए जबकि रुद्रांक्ष ने 230.9 अंक हासिल किए। इस स्पर्धा में चीन के शेन लिहाओ ने एशियाई खेलों के रिकॉर्ड 254.2 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले भारत ने पहले दिन दो रजत पदक जीते थे, जिसमें सोनम मस्कर, इलावेनिल वलारिवन और विदर्सा विनोद की तिकड़ी ने महिलाओं की दस मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में रजत दिलाया, जबकि इलावेनिल वलारिवन ने व्यक्तिगत स्पर्धा में भी रजत पर निशाना साधा। मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में सुचिका तरियाल ने कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। महिलाओं की पारंपरिक साठ किलोग्राम के सेमीफाइनल में सुचिका को सिंगापुर की टेओ हुई हून ने 2-0 से हराया। एशियाई खेलों के मिक्स मार्शल आर्ट्स में भारत ने पहली बार कोई पदक अपने नाम किया है। मुक्केबाजी में भी भारत की शुरुआत शानदार रही, जहां सुमित कुंडू ने पुरुषों की सत्तर किलोग्राम वर्ग के बत्तीस के दौर के मुकाबले में थाईलैंड के बुंजोंग सिंसिरी को 5-0 से हराया। हालांकि कुछ खेलों में भारत को निराशा भी हाथ लगी। सॉफ्ट टेनिस की मिक्स्ड डबल्स स्पर्धा में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई, जहां आध्या तिवारी और जय मीना की जोड़ी प्री-क्वार्टर फाइनल में फिलीपींस की जोड़ी के हाथों 2-5 से हार गई। इसके अलावा सेपक टकरा में भारत को जापान से 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। पुरुष टीम रेगू स्पर्धा के ग्रुप चरण के मुकाबले में मिली इस हार के बाद भारत अब अगले मुकाबले में कल मलेशिया से भिड़ेगा। भारत के खाते में अब तक कुल चार सिल्वर और दो कांस्य पदक दर्ज हैं।
एशियाई खेलों में भारत का धमाका: कबड्डी और हॉकी में शानदार जीत, निशानेबाजी में बरसा पदक
एशियाई खेलों के दूसरे दिन भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपने दूसरे ग्रुप चरण के मुकाबले में इंडोनेशिया को 17-1 के बड़े अंतर से करारी शिकस्
NRI Post Hindi Desk · 64 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 खेल
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।



