|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
खेल

एशियाई खेलों में भारत का शानदार प्रदर्शन, महिला रिले टीम ने जीता स्वर्ण, पुरुष टीम को मिला कांस्य

जापान के आइची-नागोया में खेले जा रहे एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने आज एथलेटिक्स में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। भारत की महिला रिले टीम ने चार गुणा 400 मीटर रेस में स्वर्ण पद

NRI Post Hindi Desk · 56 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
एशियाई खेलों में भारत का शानदार प्रदर्शन, महिला रिले टीम ने जीता स्वर्ण, पुरुष टीम को मिला कांस्य
📷 NRI Post Hindi Desk

जापान के आइची-नागोया में खेले जा रहे एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने आज एथलेटिक्स में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। भारत की महिला रिले टीम ने चार गुणा 400 मीटर रेस में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। किरण पहल, एम.आर. पूवम्मा, प्राची और विथ्या रामराज की टीम ने 3:29.69 सेकंड का समय निकालकर यह उपलब्धि हासिल की। यह एशियाई खेलों-2026 में एथलेटिक्स में भारत का पहला स्वर्ण पदक है। इस स्पर्धा में बहरीन ने रजत और चीन ने कांस्य पदक जीता। वहीं भारत की पुरुष रिले टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए चार गुणा 400 मीटर रेस में कांस्य पदक अपने नाम किया। धर्मवीर, मनु, जय कुमार और विशाल की टीम ने 3:01.61 सेकंड का समय निकालकर जापान और कतर के बाद तीसरा स्थान हासिल किया। महिलाओं की हाई जंप स्पर्धा में भारत की पूजा ने 1.84 मीटर की ऊंचाई पार करते हुए कांस्य पदक जीता। हालांकि वह 1.87 मीटर की ऊंचाई पार करने में तीन बार नाकाम रहीं और अपने सीजन तथा व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 1.93 मीटर के रिकॉर्ड तक नहीं पहुंच सकीं। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि 2002 में बॉबी एलॉयसियस के रजत पदक के बाद महिलाओं की हाई जंप में भारत का यह पहला पदक है। इसके अलावा भारत की मिक्स्ड रिले टीम ने चार गुणा 100 मीटर रेस में 41.06 सेकंड का समय निकालकर कांस्य पदक जीता। इस स्पर्धा में चीन ने 40.78 सेकंड के साथ स्वर्ण और थाईलैंड ने 40.87 सेकंड के साथ रजत पदक हासिल किया। भारतीय धावक गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 5000 मीटर रेस में 13:32.75 सेकंड का समय निकालकर कांस्य पदक जीता। यह एशियाई खेलों में उनका तीसरा पदक है, इससे पहले वह 1500 मीटर और 10,000 मीटर रेस में रजत पदक जीत चुके हैं। दुखद बात यह रही कि पुरुषों की पोल वॉल्ट स्पर्धा में कुलदीप कुमार 5.50 मीटर की ऊंचाई पार करने में नाकाम रहे और उनका सफर समाप्त हो गया। देव मीना ने अपने दूसरे प्रयास में 5.50 मीटर की ऊंचाई पार करते हुए अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया, जो उन्होंने जून में राष्ट्रीय अंतर-राज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बनाया था, लेकिन तीन प्रयासों के बाद भी 5.60 मीटर की ऊंचाई पार नहीं कर पाए और उनका भी सफर समाप्त हो गया। पुरुषों की 800 मीटर दौड़ के फाइनल में मोहम्मद अफसल 1:48.27 सेकंड का समय निकालकर आठवें स्थान पर रहे, जबकि जापान के को ओचियाई ने 1:44.48 सेकंड के समय के साथ खेलों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए स्वर्ण पदक जीता। महिलाओं की 800 मीटर दौड़ में भारत की पूजा ने 2:06.72 सेकंड का समय निकालकर सातवां स्थान हासिल किया। भारतीय पुरुष वॉलीबॉल टीम ने पूल-सी के मैच में कतर के खिलाफ शुरुआती दो सेट गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए 3-2 से मैच अपने नाम किया। टेनिस में धाकशिनेश्वर सुरेश ने पुरुष एकल के दूसरे दौर में इंडोनेशिया के गुनावान त्रिमुवांतारा को सीधे सेटों में 7-5, 7-6 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली। कैनोइंग स्लैलम सिंगल्स में हितेश केवट और प्रद्युम्न सिंह राठौड़ सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रहे, जबकि महिलाओं में पल्लवी जगताप, रीना सेन और शिखा चौहान ने भी सेमीफाइनल में जगह बनाई। हालांकि ट्रैक साइकिलिंग में भारत की पुरुष और महिला टीम स्प्रिंट स्पर्धाओं तथा महिलाओं की टीम परस्यूट मेडल रेस से बाहर हो गईं।

🔔 खेल
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!