जापान के आईची-नागोया में जारी एशियाई खेलों में भारतीय निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। बीस वर्षीय युवा निशानेबाज हिमांशु ढिल्लों ने सोमवार को दस मीटर एयर राइफल की टीम और व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। पदक जीतने के बाद हिमांशु ने एक खास बातचीत में अपने अनुभव, तैयारियों, दबाव और भविष्य के लक्ष्य के बारे में विस्तार से बात की। हिमांशु ने कहा कि किसी भी प्रतियोगिता में चुनौती मिलना अच्छी बात है, क्योंकि इससे खिलाड़ी खुद को बेहतर करने के लिए प्रेरित होता है। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने कोच और स्पोर्ट्स साइंस टीम को दिया और कहा कि मेरी कोच ने मुझे बहुत अच्छी तरह से तैयार किया, जबकि स्पोर्ट्स साइंस टीम ने फाइनल और मुकाबलों को लेकर मेरी अच्छी तैयारी कराई और मुझे मानसिक तथा शारीरिक रूप से मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई। युवा निशानेबाज ने बताया कि एशियाई खेलों में उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती देश के दिग्गज निशानेबाजों द्वारा बनाई गई विरासत को आगे बढ़ाने की थी। उन्होंने कहा कि हमारे सीनियर और दिग्गज खिलाड़ियों ने एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन किया है और मैं उसी विरासत को आगे बढ़ाना चाहता था। मेरा लक्ष्य भी भारत के लिए पदक जीतना और भविष्य में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए बड़ी उपलब्धियां हासिल करना है। इस वजह से थोड़ा दबाव जरूर था, लेकिन मेरे साथ मौजूद कोच और सपोर्ट स्टाफ ने काफी सहयोग किया और मैं खुश हूं कि देश के लिए पदक जीतने में सफल रहा। हिमांशु भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली को अपना आदर्श मानते हैं और वह कोहली की खेल के प्रति प्रतिबद्धता तथा मैदान के बाहर उनके सहज व्यवहार से काफी प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि विराट से प्रेरणा लेने के लिए बहुत सी बातें हैं, सबसे पहली उनकी खेल के प्रति प्रतिबद्धता है। उन्होंने काफी कुछ हासिल किया है, उन्होंने सचिन तेंदुलकर जैसे दिग्गजों के दौर से शुरुआत की और आज खुद भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि विराट की जमीन से जुड़ी रहने की आदत भी उन्हें काफी प्रभावित करती है। हिमांशु ने कहा कि मैं भी विराट कोहली जैसा नाम कमाना चाहता हूं और हमेशा जमीन से जुड़ा रहना चाहता हूं। मैं अपने देश और माता-पिता के लिए जितना संभव हो सके, उतना करना चाहता हूं और मेरा लक्ष्य देश के लिए ज्यादा से ज्यादा पदक जीतना है। विराट ने अपने देश के लिए बहुत कुछ किया है और उम्मीद है कि मैं भी भविष्य में ऐसा कर पाऊंगा। निशानेबाजी टीम के इस एशियाई खेल में कितने पदक जीतने की उम्मीद है, इस सवाल पर हिमांशु ने कहा कि वह इस बारे में कोई आंकड़ा नहीं बता सकते, क्योंकि यह खिलाड़ियों की उम्मीदों, मानसिक मजबूती और किस्मत पर भी निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि मैं उम्मीद करता हूं कि हमारे सभी निशानेबाज पोडियम पर जगह बनाएं और मैं अपने सभी भाइयों और दोस्तों को शुभकामनाएं देता हूं तथा उम्मीद करता हूं कि वे सभी पदक जीतकर देश का नाम रोशन करें।
एशियाई खेलों में रजत जीतने वाले हिमांशु ढिल्लों बोले- विराट कोहली जैसा बनना है, देश के लिए ज्यादा से ज्यादा मेडल जीतना है लक्ष्य
जापान के आईची-नागोया में जारी एशियाई खेलों में भारतीय निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। बीस वर्षीय युवा निशानेबाज हिमांशु ढिल्लों ने सोमवार को दस मीटर एयर राइफल की टीम और व्यक्तिगत स्पर्धा में र
NRI Post Hindi Desk · 63 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 खेल
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।



