|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
खेल

एशियन गेम्स में सावन बरवाल का रजत: 44 साल बाद भारत को मैराथन पदक, हिमाचल में जश्न

जोगेंद्रनगर (मंडी) के धावक सावन बरवाल ने जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 की पुरुष मैराथन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने 2 घंटे 11 मिनट 37 सेकंड का समय निकालकर द

NRI Post Hindi Desk · 59 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
एशियन गेम्स में सावन बरवाल का रजत: 44 साल बाद भारत को मैराथन पदक, हिमाचल में जश्न
📷 NRI Post Hindi Desk

जोगेंद्रनगर (मंडी) के धावक सावन बरवाल ने जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 की पुरुष मैराथन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने 2 घंटे 11 मिनट 37 सेकंड का समय निकालकर दूसरा स्थान हासिल किया और इस प्रदर्शन के साथ अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड बेहतर कर दिया। इस उपलब्धि के साथ एशियन गेम्स की पुरुष मैराथन में भारत का 44 वर्ष का पदक इंतजार समाप्त हो गया, क्योंकि भारत ने इससे पहले वर्ष 1982 के दिल्ली एशियन गेम्स में इस स्पर्धा में पदक जीता था। सावन का यह रजत पदक विदेशी धरती पर इस स्पर्धा में भारत का पहला पदक भी है। सावन बरवाल के कोच गोपाल ठाकुर के अनुसार सावन ने वर्ष 2012 में खेल प्रशिक्षण केंद्र जोगेंद्रनगर से एथलेटिक्स का सफर शुरू किया था और वर्ष 2012 से 2018 के बीच विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में आठ पदक हासिल किए। वर्ष 2019 में भारतीय सेना में शामिल होने के बाद उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धा का मंच मिला। अप्रैल 2026 में नीदरलैंड के रोटरडैम में अपनी पहली प्रतिस्पर्धी मैराथन में उन्होंने 2 घंटे 11 मिनट 58 सेकंड का समय निकालकर भारतीय राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था और वर्ष 1978 में शिवनाथ सिंह द्वारा बनाए गए 2:12:00 के 48 वर्ष पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा था, जिसके बाद उनका चयन एशियन गेम्स के लिए हुआ। एशियन गेम्स में उन्होंने अपने ही रिकॉर्ड में 21 सेकंड का सुधार किया। सावन के पदक जीतने पर उनके घर रड़ा भखेड़ में खुशी का माहौल है और सुबह से ही लोग उनके घर पहुंचकर परिजनों को बधाई दे रहे हैं। सावन की माता सुभद्रा देवी, पिता कुलदीप बरवाल, बड़े भाई सुमीत बरवाल, भाभी श्वेता बरवाल और पत्नी शबनम ने कहा कि सावन की इस उपलब्धि से पूरा परिवार गौरवान्वित महसूस कर रहा है और उसकी सफलता ने जोगेंद्रनगर और पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। कोच गोपाल ठाकुर ने सावन और उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि हर कोच का सपना होता है कि उसका तैयार किया खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करे, और सावन की मेहनत तथा उपलब्धि की जितनी प्रशंसा की जाए उतनी कम है। सावन बरवाल लंबी दूरी की दौड़ में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते रहे हैं। अक्टूबर 2024 में दिल्ली में आयोजित वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन में उन्होंने 1 घंटे 2 मिनट 46 सेकंड का समय दर्ज किया था, जबकि वर्ष 2025 में कोच्चि में राष्ट्रीय फेडरेशन सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की 10 हजार मीटर दौड़ में 28:57.13 का समय निकालकर स्वर्ण पदक हासिल किया था। इसके अलावा सावन 5000 और 10 हजार मीटर स्पर्धाओं में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके हैं। वर्ष 2023 में उन्होंने एशियन हाफ मैराथन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता, वर्ष 2024 में फेडरेशन कप में 5000 मीटर का राष्ट्रीय खिताब हासिल किया और वर्ष 2025 में राष्ट्रीय खेलों में 5000 तथा 10 हजार मीटर में स्वर्ण पदक के साथ फेडरेशन कप में 10 हजार मीटर का स्वर्ण पदक भी उनके नाम रहा। सावन बरवाल की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, सांसद कंगना रनौत, सांसद अनुराग ठाकुर, राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, जोगेंद्रनगर विधायक प्रकाश राणा, पूर्व मंत्री ठाकुर गुलाब सिंह ठाकुर, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता पंकज जमवाल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष जीवन ठाकुर, जोगेंद्रनगर विकास मंच के संस्थापक एवं प्रदेश भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के सह संयोजक केके सकलानी तथा कोच गोपाल ठाकुर सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोगों ने बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

🔔 खेल
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!