|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट वाले ग्रेटर नोएडा में नहीं है ट्रामा सेंटर, घायलों को दिल्ली में रेफर होने की मजबूरी

ग्रेटर नोएडा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक अलग पहचान मिल चुकी है, लेकिन इसके बावजूद जिले में ट्रामा सेंटर की सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिसकी वजह से सड़क हादसों में गंभीर रूप से घायल मरीजों को दिल्ली या आसप

NRI Post Hindi Desk · 49 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट वाले ग्रेटर नोएडा में नहीं है ट्रामा सेंटर, घायलों को दिल्ली में रेफर होने की मजबूरी
📷 NRI Post Hindi Desk

ग्रेटर नोएडा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक अलग पहचान मिल चुकी है, लेकिन इसके बावजूद जिले में ट्रामा सेंटर की सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिसकी वजह से सड़क हादसों में गंभीर रूप से घायल मरीजों को दिल्ली या आसपास के निजी अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है। जेवर में एशिया का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बन चुका है और लगातार औद्योगिक गतिविधियों के चलते जिले को प्रदेश की आर्थिक राजधानी भी कहा जाता है, मगर स्वास्थ्य सुविधाओं के मामले में यह पीछे छूटता दिख रहा है। जिले में जिला अस्पताल, चाइल्ड पीजीआई से लेकर राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) तक मौजूद हैं, लेकिन गंभीर सड़क हादसों और अन्य दुर्घटनाओं के मरीजों के लिए अभी तक अलग और पूर्ण विकसित ट्रामा सेंटर की सुविधा नहीं मिल पा रही है। शासन की ओर से रबूपुरा में ट्रामा सेंटर प्रस्तावित किया गया था, लेकिन जमीन से जुड़े मामले को लेकर एक पक्ष की ओर से दायर याचिका के बाद यह मामला हाई कोर्ट में विचाराधीन है, जिसके कारण परियोजना की आगे की कार्रवाई प्रभावित हो रही है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार जिले में ट्रामा सेंटर की सुविधा का अभाव अभी भी बना हुआ है। गौतमबुद्ध नगर में यमुना एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे, एनएच 34, एनएच नौ समेत अन्य प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, और हादसे में गंभीर रूप से घायल मरीजों के लिए शुरुआती घंटे बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे मरीजों को विशेषज्ञ उपचार की जरूरत पड़ने पर दूसरे केंद्रों के लिए रेफर करना पड़ता है, जिससे उपचार शुरू होने में लगने वाला समय बढ़ सकता है और कई बार गंभीर मरीजों की जान पर खतरा भी बन आता है। जिम्स में 24 घंटे इमरजेंसी तथा इमरजेंसी मेडिसिन एवं ट्रामा केयर की सुविधा उपलब्ध है और विभाग में ट्राइएज, रिससिटेशन एरिया, माइनर आपरेशन थिएटर और 30 बेड की व्यवस्था बताई जाती है। हर साल अकेले जिम्स में ट्रामा के चार से छह हजार के बीच मरीज पहुंचते हैं, जिनमें से लगभग एक हजार ऐसे मामले रहते हैं, जिन्हें उपचार के लिए अन्य हायर सेंटर में रेफर किया जाता है। ट्रामा सेंटर न होने की वजह से मरीजों और उनके स्वजन को परेशानियों का सामना करना पड़ता है और जेब पर अधिक खर्च का बोझ भी बढ़ता है, जिससे मध्यम वर्गीय परिवार कई बार उपचार कराने के लिए सक्षम नहीं हो पाते हैं।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!