कॉकरोच जनता पार्टी ने अपने तीन नेताओं अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका की हिरासत को लेकर दिल्ली पुलिस से गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्टी के संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे ने पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अभिजीत दिपके, सह-संयोजक सौरव दास और आशुतोष रांका की वर्तमान स्थिति और उनके ठिकाने की तत्काल जानकारी मांगी है। पत्र में आरोप लगाया गया है कि शनिवार सुबह मुंबई से नई दिल्ली पहुंचने के बाद तीनों नेताओं को विमान के अंदर से ही दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया था, लेकिन हिरासत में लिए जाने के 12 घंटे बीत जाने के बाद भी उनके परिजनों को कोई सूचना नहीं दी गई है। पार्टी का कहना है कि न केवल परिवार बल्कि वकीलों को भी जानकारी देने से इनकार किया गया है, जिसे अमानवीय और अस्वीकार्य बताते हुए पार्टी ने हिरासत की वैधता तथा नेताओं के मौलिक अधिकारों पर सवाल खड़े किए हैं। सीजेपी ने पूछा है कि तीनों नेताओं को कहां रखा गया है, उन्हें एक साथ रखा गया है या अलग-अलग, और किस एजेंसी ने उन्हें हिरासत में लिया है, इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी क्यों नहीं दी जा रही है। पार्टी ने मांग की है कि दिल्ली पुलिस तीनों की वर्तमान स्थिति और ठिकाने की तुरंत जानकारी दे, उन्हें अपने वकीलों से मिलने की अनुमति दे और यदि हिरासत अवैध है तो उन्हें तत्काल रिहा किया जाए। पार्टी ने कहा कि कानून से ऊपर कोई भी अधिकारी या संस्था नहीं है और इस मामले में पुलिस को बिना किसी देरी के जवाब देना चाहिए तथा इस कार्रवाई के लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए। इस बीच एनसीपी (एसपी) नेता सुप्रिया सुले ने भी इस मामले पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि यह बहुत चिंता की बात है कि अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका अभी भी हिरासत में हैं, उन्हें न तो कोई वारंट दिखाया गया है और न ही वकीलों या परिवार से संपर्क करने दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभिजीत की दादी का निधन हो गया है, फिर भी खबर है कि उन्हें घर पर फोन करने की भी इजाजत नहीं दी गई है, जो मंजूर नहीं है। उन्होंने बिना किसी देरी के तीनों की तुरंत रिहाई की मांग करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में अभिजीत को अपने परिवार के साथ रहने की इजाजत मिलनी चाहिए। यह पूरा घटनाक्रम शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन से जुड़ा है। कॉकरोच जनता पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन का आह्वान किया था, जिसके बाद दिल्ली में कई जगहों पर जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला। जंतर-मंतर और लुटियंस दिल्ली के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस तथा अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई थी और सड़कों पर कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की गई थी। इसके बावजूद सेंट्रल दिल्ली में कई जगहों पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जुटे, जिनमें से पुलिस ने तीन हजार से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। पार्टी का आरोप है कि इसी क्रम में उसके तीन शीर्ष नेताओं को विमान के अंदर से हिरासत में ले लिया गया और अब तक उनकी स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है। पार्टी ने पुलिस से तत्काल जवाब देने की मांग दोहराई है।
कॉकरोच जनता पार्टी ने दिल्ली पुलिस से पूछा- दिपके, सौरव और आशुतोष कहां हैं?
कॉकरोच जनता पार्टी ने अपने तीन नेताओं अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका की हिरासत को लेकर दिल्ली पुलिस से गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्टी के संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे ने पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर
NRI Post Hindi Desk · 45 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।



