|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
कारोबार

कच्चे तेल की आग और ट्रंप के फैसले से शेयर बाजार में भूचाल, मिनटों में स्वाहा हुए 7 लाख करोड़ रुपये

शेयर बाजार में सोमवार को ऐसी तबाही मची कि पलक झपकते ही निवेशकों के 7 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का चूना लग गया। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन मार्केट ओपन होने के साथ ही आई बड़ी गिरावट ने निवेशकों को तगड़

NRI Post Hindi Desk · 57 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
कच्चे तेल की आग और ट्रंप के फैसले से शेयर बाजार में भूचाल, मिनटों में स्वाहा हुए 7 लाख करोड़ रुपये
📷 NRI Post Hindi Desk

शेयर बाजार में सोमवार को ऐसी तबाही मची कि पलक झपकते ही निवेशकों के 7 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का चूना लग गया। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन मार्केट ओपन होने के साथ ही आई बड़ी गिरावट ने निवेशकों को तगड़ा नुकसान करा दिया। बाजार में इस भूचाल का सबसे बड़ा कारण कच्चे तेल की कीमतों में फिर से लगी आग है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत करीब 3 फीसदी की तेजी के साथ 107 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है, जबकि डब्ल्यूटीआई क्रूड 95 डॉलर के आसपास कारोबार कर रहा है। कच्चे तेल की कीमतों में ये तेजी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जुड़ी हुई है, क्योंकि डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के शांति प्रस्ताव को एक बार फिर से खारिज कर दिया है, जिससे होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने और वेस्ट एशिया में लड़ाई समाप्त होने की उम्मीद पर पानी फिर गया है। बाजार में मची तबाही पर नजर डालें, तो बीएसई का सेंसेक्स खुलने के मिनटों बाद ही करीब 1040 अंक से ज्यादा फिसल गया और 72,854 के लेवल पर कारोबार करने लगा। वहीं खबर लिखे जाने तक एनएसई का निफ्टी 330 अंक से ज्यादा या 1.38 फीसदी की गिरावट लेकर 22,807 तक लुढ़क गया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन गिरकर 4,75,64,385 करोड़ रुपये पर आ गया, जबकि बीते शुक्रवार को ये 4,83,25,067 करोड़ रिकॉर्ड किया गया था। इस हिसाब से बाजार की ओपनिंग के बाद कुछ ही देर में शेयर बाजार निवेशकों के 7,60,682 करोड़ रुपये डूब गए। बड़ी-बड़ी कंपनियों के शेयर ताश के पत्तों की तरह बिखरे हुए नजर आए और इनमें एचडीएफसी बैंक, बजाज फाइनेंस, रिलायंस और आईसीआईसीआई बैंक जैसे नाम शामिल हैं। शेयर मार्केट क्रैश के अन्य कारणों की बात करें, तो शेयर बाजार में डर का पैमाना माने जाने वाला अस्थिरता सूचकांक यानी इंडिया वीआईएक्स सोमवार को अचानक 14.50 फीसदी उछलकर 14.14 पर जा पहुंचा, जो आने वाले दिनों में बाजार में तगड़े उतार-चढ़ाव की ओर इशारा करता है। तीसरा कारण भारतीय करेंसी में आई तेज गिरावट को माना जा सकता है, क्योंकि सोमवार को करेंसी मार्केट में कारोबार की शुरुआत होने के साथ ही डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 20 पैसे गिर गया और 95.95 पर आ गया। बाजार का सेंटीमेंट खराब करने में विदेशी निवेशकों का भी हाथ रहा, जिनका मूड एक बार फिर से खराब नजर आ रहा है और बीते शुक्रवार को एफआईआई ने भारतीय बाजार से करीब 3700 करोड़ रुपये निकाले थे। शेयर मार्केट टूटने का पांचवां बड़ा कारण विदेशों से मिले रेड सिग्नल रहे, क्योंकि कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के चलते दुनिया सहमी है और एशियाई बाजारों में भी भूचाल आया है। शुरुआती कारोबार में साउथ कोरिया का कोस्पी करीब 2 फीसदी फिसला, तो जापान का निक्केई भी रेड जोन में कारोबार करता दिखा, वहीं सेंसेक्स-निफ्टी के लिए प्रमुख संकेतक गिफ्ट निफ्टी 350 अंक की भारी गिरावट में था। भारत तेल आयात पर निर्भर है, इसलिए इसकी कीमत में इजाफा होने से आयात बिल में बढ़ोतरी का खतरा बढ़ता है और ये आगे रोजमर्रा के सामानों पर महंगाई की चोट करने वाला साबित हो सकता है।

🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!