कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने पूरी दुनिया को परेशान कर रखा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड का भाव फिलहाल 110 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बना हुआ है, लेकिन अब विदेश से एक बड़ी खबर सामने आई है जो आम लोगों को राहत दे सकती है। गोल्डमैन सैश रिसर्च की ओर से जारी एक रिपोर्ट में कहा गया है कि कच्चे तेल के दाम गिरकर 80 डॉलर प्रति बैरल तक आ सकते हैं। इसके एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह गिरावट 2027 में देखने को मिल सकती है। गोल्डमैन सैश के ग्लोबल कमोडिटी रिसर्च के सह-प्रमुख और तेल अनुसंधान के प्रमुख डान स्ट्रुवेन ने तमाम कारकों का जिक्र करते हुए तेल की कीमतों में इस बड़ी गिरावट का अनुमान जाहिर किया है। उन्होंने बताया है कि ब्रेंट क्रूड का भाव दिसंबर 2026 में 90 डॉलर प्रति बैरल रहने की उम्मीद है, जो गोल्डमैन सैक्स के पिछले पूर्वानुमान 85 डॉलर से अधिक है। रिपोर्ट के अनुसार ब्रेंट क्रूड तेल की कीमतें 2027 में औसतन 80 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती हैं। तेल की कीमतों में इस गिरावट के पीछे की सबसे बड़ी वजह यह है कि अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष के कारण मध्य पूर्व में तेल की आपूर्ति में आई बाधाओं से धीरे-धीरे उबरना शुरू हो जाएगा। हालांकि इन्वेस्टमेंट बैंक की ओर से यह चेतावनी भी दी गई है कि कीमतों में फिर से होने वाली वृद्धि के चलते दाम अनुमान से अधिक समय तक ऊंचे बने रह सकते हैं। स्ट्रुवेन और उनकी टीम ने एक रिसर्च रिपोर्ट में लिखा है कि उनका मूल अनुमान यही है कि पश्चिम एशिया से तेल की आपूर्ति में निरंतर सुधार से कच्चे तेल की कीमतों में कमी आएगी, जबकि संभावित नए सिरे से तनाव बढ़ने से कीमतों में काफी वृद्धि का जोखिम बना हुआ है। गोल्डमैन सैक्स के शोधकर्ताओं की मानें तो फारस की खाड़ी से तेल निर्यात में उम्मीद से कहीं अधिक तेजी से सुधार हुआ है और सितंबर के अंत से यह 2025 के औसत के आसपास बना हुआ है। इस अनुमान में प्रतिदिन लगभग चार मिलियन बैरल का अज्ञात निर्यात भी शामिल है, जिसका मतलब ऐसे टैंकरों द्वारा ले जाए जाने वाले माल से है जिनमें ट्रांसपोंडर बंद रखे जाते हैं ताकि उनकी आवाजाही को छिपाया जा सके। शोधकर्ताओं का अनुमान है कि वैश्विक तेल बाजार 2026 की चौथी तिमाही में अधिशेष की स्थिति में आ जाएगा और 2027 में भी अधिशेष बना रहेगा, जिससे कीमतों में नरमी आएगी। गोल्डमैन सैक्स का कहना है कि सितंबर में बाजार लगभग संतुलित था और मांग आपूर्ति से मात्र 0.3 मिलियन बैरल प्रति दिन अधिक थी, जबकि मार्च में यह कमी 7.2 मिलियन बैरल प्रति दिन थी। एक्सपर्ट ने कहा है कि फारस की खाड़ी के बाहर अधिक उत्पादन और कमजोर मांग ने इस अंतर को कम करने में मदद की है। रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि ईरान युद्ध से संबंधित तेल संकट के कारण मांग में आई भारी कमी 2027 की चौथी तिमाही तक काफी हद तक कम हो जाएगी। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि निर्यात में सुधार के बावजूद कच्चे तेल की भौतिक कीमतें अभी ऊंची बनी हुई हैं और अगले महीने डिलीवरी के लिए निर्धारित डेटेड ब्रेंट का भाव 130 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर कारोबार कर रहा है।
कच्चा तेल 80 डॉलर पर आएगा! विदेशी एक्सपर्ट ने दिया बड़ा अनुमान, जानिए क्या है वजह
कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने पूरी दुनिया को परेशान कर रखा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड का भाव फिलहाल 110 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बना हुआ है, लेकिन अब विदेश से एक बड़ी खबर सामने आई है जो आ
NRI Post Hindi Desk · 36 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




