कटिहार जिले में गंगा और सहायक नदियों की विकराल बाढ़ ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। बरारी प्रखंड अंतर्गत मोहना चांदपुर पंचायत के वार्ड नंबर 15 स्थित संथाली टोला से एक ऐसी मार्मिक तस्वीर सामने आई है, जिसने पूरे सभ्य समाज और व्यवस्था की संवेदनहीनता पर गहरा प्रश्न खड़ा कर दिया है। इस तस्वीर में कमर तक मटमैले और बदबूदार बाढ़ के पानी को नन्हें पैरों से चीरता हुआ एक अर्धनग्न बच्चा दिखाई दे रहा है, जिसके एक हाथ में प्लास्टिक का कटोरा है और उस कटोरे में सामुदायिक किचन से मिले चंद निवालों का सहारा है। बच्चे के चेहरे पर न तो बाढ़ का खौफ है और न ही कपड़ों की चिंता, बल्कि सिर्फ इस बात का संतोष है कि आज चूल्हा बुझने के बावजूद उसे भूखे पेट नहीं सोना पड़ेगा। बच्चे के खेलने और पढ़ने की उम्र में जब उसके हाथों में बस्ता और स्लेट होनी चाहिए थी, तब सैलाब की मजबूरी ने उसके हाथों में राहत का कटोरा थमा दिया है। यह त्रासदी सिर्फ घरों और चूल्हों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसने नौनिहालों के सुनहरे भविष्य पर भी कड़ा ताला जड़ दिया है। कटिहार के मनिहारी प्रखंड में गंगा नदी के विकराल रूप ने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई पर पूरी तरह ब्रेक लगा दिया है। जिन प्राथमिक और मध्य विद्यालयों के परिसरों में हर सुबह बच्चों के ककहरे और प्रार्थना की गूंज सुनाई देती थी, वहां अब सिर्फ सैलाब की भयावह लहरों का शोर सुनाई दे रहा है। मनिहारी प्रखंड के लगभग तीन दर्जन से अधिक सरकारी प्राथमिक, मध्य और उच्च विद्यालयों के क्लासरूम और परिसरों में तीन से चार फीट तक बाढ़ का पानी भर गया है। स्थिति इतनी विकट है कि एहतियात और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को स्कूल बंद करने का फैसला लेना पड़ा है। इसके चलते अकेले मनिहारी प्रखंड के करीब 15 हजार बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह बाधित हो गई है। बाढ़ के तांडव की चपेट में आने वाले प्रमुख स्कूलों में उत्क्रमित उच्च विद्यालय मदरीचक, मध्य विद्यालय मदारीचक, प्राथमिक विद्यालय बुढ़िया टिकर, प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मीपुर, प्राथमिक विद्यालय शाहपुर, प्राथमिक विद्यालय बाबरबन्नी और नया प्राथमिक विद्यालय कालीगंज बांध मुख्य रूप से शामिल हैं। इन स्कूलों के खेल मैदान, बरामदे और कमरे जलमग्न हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जब तक बाढ़ का पानी पूरी तरह उतर नहीं जाता और परिसरों की साफ-सफाई व ब्लीचिंग नहीं हो जाती, तब तक कक्षाएं संचालित करना जान जोखिम में डालने जैसा होगा। हालांकि, शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए जलमग्न विद्यालयों के शिक्षकों को निकटवर्ती सुरक्षित और सूखे विद्यालयों से सम्बद्ध कर दिया गया है, ताकि जरूरी कागजी और सरकारी कामकाज जारी रह सके। लेकिन दियारे के हजारों गरीब बच्चों के लिए किताबें फिलहाल बस्ते में बंद हैं और उनकी आंखें सिर्फ जलस्तर घटने का इंतजार कर रही हैं। इलाके में गंगा और सहायक नदियों का पानी इस कदर घरों में समा चुका है कि गरीबों के चूल्हे कई दिनों से ठंडे पड़े हैं। विकास के बड़े-बड़े दावे, डिजिटल क्रांति और चांद तक पहुंचने का मानवीय गुरूर इस वक्त पानी के तेज बहाव में तिनके की तरह बह जाता है। यह तस्वीर सिर्फ एक आपदा की विभीषिका नहीं दर्शाती, बल्कि यह हमारे पूरे सभ्य समाज और व्यवस्था की संवेदनहीनता पर एक गहरा और मौन तमाचा है। प्रशासन द्वारा राहत सामग्री और सामुदायिक किचन के माध्यम से प्रभावित परिवारों तक भोजन पहुंचाने का प्रयास जारी है, लेकिन दियारा क्षेत्र के हजारों परिवारों की दयनीय स्थिति पर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है। बाढ़ प्रभावित इन बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की जा रही है, क्योंकि गंदे पानी में लंबे समय तक रहने से बीमारियों का खतरा भी तेजी से बढ़ रहा है।
कटिहार में बाढ़ का कहर: स्कूलों में घुसा पानी, भूखे बच्चों के हाथ में थमा राहत का कटोरा
कटिहार जिले में गंगा और सहायक नदियों की विकराल बाढ़ ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। बरारी प्रखंड अंतर्गत मोहना चांदपुर पंचायत के वार्ड नंबर 15 स्थित संथाली टोला से एक ऐसी मार्मिक तस्वीर
NRI Post Hindi Desk · 74 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




