कौशांबी जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कड़ाधाम में मां शीतला मंदिर के भव्य स्वरूप को लेकर प्रशासन ने अपनी कवायद तेज कर दी है। मीरजापुर स्थित मां विंध्यवासिनी धाम की तर्ज पर यहां मां शीतला कॉरिडोर के निर्माण का प्रस्ताव पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को भेजा गया है। इस प्रस्ताव में कॉरिडोर निर्माण के साथ-साथ कुबरी से कालेश्वर तक पक्के घाट निर्माण की भी मांग शामिल की गई है। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने बताया कि प्रस्ताव को स्वीकृति मिलते ही आर्किटेक्ट का चयन कर सर्वे कराया जाएगा, जिसके बाद डिटेल्स प्रोजेक्ट रिपोर्ट यानी डीपीआर तैयार की जाएगी। गौरतलब है कि उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने करीब साढ़े तीन से चार साल पहले इस स्थल पर विंध्यवासिनी धाम की तरह कॉरिडोर बनाने की घोषणा की थी, जिसके तहत गंगा घाटों का सौंदर्यीकरण, फ्लोटिंग जेटी, यात्री निवास और कैफेटेरिया जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना बनाई गई थी। इन सभी कार्यों पर लगभग तीन सौ करोड़ रुपये का अनुमानित खर्च बताया गया था। पूर्व में जिला प्रशासन द्वारा राजस्व टीम लगाकर कड़ाधाम क्षेत्र का भौतिक सत्यापन और ड्रोन सर्वे भी कराया गया था, लेकिन तब प्रस्ताव को शासन से हरी झंडी नहीं मिल पाई थी। हाल ही में प्रयागराज में हुई पर्यटन मंत्री की बैठक में कड़ाधाम का प्रतिनिधिमंडल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ा था और वहां फिर से ये प्रस्ताव रखे गए। कुबरी और कालेश्वर घाट के बीच की दूरी लगभग चार से पांच सौ मीटर बताई जाती है, जहां पक्के घाट के निर्माण से श्रद्धालुओं को स्नान में काफी सुविधा होगी और स्थानीय लोगों को टहलने के लिए भी अच्छा स्थान मिलेगा। इसके अलावा श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए सिराथू रेलवे स्टेशन को प्रमुख धार्मिक स्थलों से जोड़ने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है। प्रशासन को उम्मीद है कि इस बार प्रस्ताव को स्वीकृति मिल जाएगी और कड़ाधाम क्षेत्र का समग्र विकास हो सकेगा, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
कड़ाधाम में विंध्यवासिनी की तर्ज पर बनेगा मां शीतला कॉरिडोर, पर्यटन मंत्री को भेजा गया प्रस्ताव
कौशांबी जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कड़ाधाम में मां शीतला मंदिर के भव्य स्वरूप को लेकर प्रशासन ने अपनी कवायद तेज कर दी है। मीरजापुर स्थित मां विंध्यवासिनी धाम की तर्ज पर यहां मां शीतला कॉरिडोर के नि
NRI Post Hindi Desk · 104 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




