प्याज की सप्लाई बनाए रखने और कीमतों को कंट्रोल करने के लिए केंद्र सरकार ने एक और 'कांदा एक्सप्रेस' ट्रेन अगरतला के लिए रवाना की है। उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया कि प्याज का 440 टन बफर स्टॉक लेकर विशेष ट्रेन 'कांदा एक्सप्रेस' के 18 अक्टूबर तक त्रिपुरा की राजधानी अगरतला पहुंचने की उम्मीद है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र में प्याज की उपलब्धता बढ़ाने के लिए पहली बार 'कांदा एक्सप्रेस' अगरतला पहुंचेगी। इस खेप से त्रिपुरा के आठ में से सात जिलों- धलाई, दक्षिण त्रिपुरा, खोवाई, उनाकोटी, पश्चिम त्रिपुरा, गोमती और सिपाहीजाला में बाजारों तक प्याज की पहुंच बेहतर होने की उम्मीद है। मंत्रालय के मुताबिक इस कदम से पूर्वोत्तर में सरकार के प्याज वितरण नेटवर्क का विस्तार होगा। इससे पहले 'कांदा एक्सप्रेस' के जरिये असम में बफर स्टॉक से प्याज भेजा गया था। बयान के अनुसार अब तक दो 'कांदा एक्सप्रेस' ट्रेन के जरिये क्रमशः 840 टन और 452 टन प्याज तथा 44 ट्रकों के जरिये 1,513.46 टन प्याज पूर्वोत्तर पहुंचाया गया है। वितरण के तहत असम, त्रिपुरा और नगालैंड के कामरूप, गुवाहाटी, गोमती, दीमापुर, सिपाहीजाला, कोहिमा, नियूलैंड और चुमौकेदिमा में प्याज पहुंचाया गया है। केंद्र सरकार ने साल 2026 के लिए राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता महासंघ और भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ जैसी नोडल एजेंसियों के माध्यम से 1.21 लाख टन प्याज का बफर स्टॉक रखा है। मूल्य स्थिरीकरण कोष योजना के तहत कीमतों को सेंसिटिव चुनिंदा शहरों में प्याज ₹35 प्रति किलोग्राम की रियायती दर पर बेचा जा रहा है। मंत्रालय ने कहा कि खरीफ प्याज की नई आवक बढ़ने के साथ प्रमुख मंडियों में कीमतों में नरमी आई है। प्याज का देशभर में औसत मंडी भाव सितंबर के करीब ₹3,600 प्रति क्विंटल के उच्चतम स्तर से घटकर अक्टूबर में लगभग ₹3,300 प्रति क्विंटल रह गया है। पिछले दो सप्ताह में 211 शहरों में प्याज की खुदरा कीमतों में एक रुपये से लेकर ₹13 प्रति किलोग्राम तक की गिरावट दर्ज की गई है। मंत्रालय ने कहा कि सरकार देशभर में प्याज की कीमतों, मंडियों में आवक और सप्लाई की स्थिति पर लगातार करीबी नजर रख रही है। उसने कहा कि कीमतों में अनुचित उतार-चढ़ाव रोकने और पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए मंजूर ऑपरेशनल निर्णयों के अनुसार जरूरत पड़ने पर आगे भी प्याज जारी किया जाएगा।
कांदा एक्सप्रेस ने त्रिपुरा की ओर बढ़ाया कदम, 18 अक्टूबर से इन इलाकों में सस्ता प्याज
प्याज की सप्लाई बनाए रखने और कीमतों को कंट्रोल करने के लिए केंद्र सरकार ने एक और 'कांदा एक्सप्रेस' ट्रेन अगरतला के लिए रवाना की है। उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया कि प्याज का 44
NRI Post Hindi Desk · 39 दिन पहले · अपडेट 37 दिन पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





