छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के सेमरिया गांव में बारिश के मौसम में बदहाल सड़क ग्रामीणों के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं है। यहां हालात इतने खराब हैं कि किसी की मौत होने पर शव को श्मशान घाट तक पहुंचाना भी एक बड़ी चुनौती बन गया है। हाल ही में 28 वर्षीय युवक बलराम मरकाम की अंतिम यात्रा के दौरान यह दर्द साफ देखने को मिला, जब करीब 30 से 40 ग्रामीणों को अर्थी को कंधा देना पड़ा। कमर तक भरे पानी और दलदल जैसे रास्ते से गुजरते हुए ग्रामीणों ने शव को श्मशान घाट तक पहुंचाया, इस दौरान कई लोग फिसल गए जबकि कुछ ग्रामीण रास्ते की भयावह स्थिति के चलते पीछे रह गए। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ग्रामीण बारिश के पानी और कीचड़ से लबालब भरे रास्ते के बीच अर्थी को लेकर जाते दिखाई दे रहे हैं। रास्ते में एक नाला भी पड़ता है, जहां पानी का स्तर काफी बढ़ गया था और ग्रामीणों को इसी नाले से होकर श्मशान घाट तक जाना पड़ा। ग्रामीणों के अनुसार, अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के बागडूमर से आश्रित गांव सेमरिया तक करीब चार किलोमीटर का रास्ता बारिश के मौसम में बेहद खराब हो जाता है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं, जिनमें पानी भरने के बाद पूरा रास्ता कीचड़ और दलदल में तब्दील हो जाता है। गांव से श्मशान घाट तक करीब डेढ़ किलोमीटर के रास्ते की हालत भी बेहद खराब है, जिससे सामान्य दिनों में भी आवागमन मुश्किल रहता है। सेमरिया की रहने वाली आशा निषाद ने बताया कि वह पिछले 12 साल से गांव में रह रही हैं और इतने वर्षों में सड़क की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में शव को ले जाना बहुत मुश्किल हो जाता है और अर्थी के गिरने तक का खतरा बना रहता है। आशा निषाद ने यह भी बताया कि जहां सामान्य तौर पर छह लोगों को अर्थी उठानी चाहिए, वहीं खराब रास्ते की वजह से 20 से 30 लोगों को साथ लगना पड़ता है। बागडूमर-सेमरिया की सरपंच दामनी साहू ने कहा कि मुक्ति धाम तक जाने वाली सड़क की स्थिति बेहद खराब है और हर साल बारिश के मौसम में ग्रामीणों को इसी परेशानी से गुजरना पड़ता है। उन्होंने बताया कि गांव में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग रहते हैं और जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ कलेक्टर को भी इस समस्या से अवगत कराया गया है। दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव पहले ही शासन को भेजा जा चुका है और श्मशान घाट तक जाने वाली सड़क के लिए ग्रामीण सड़क योजना के अभियंता को सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं। सेमरिया गांव दुर्ग जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर और भिलाई स्टील प्लांट से करीब 20 किलोमीटर दूर है, जो धमधा जनपद पंचायत के अंतर्गत बागडूमर ग्राम पंचायत का आश्रित गांव है।
कमर तक पानी, कंधे पर अर्थी... दुर्ग के सेमरिया गांव की दर्दनाक तस्वीर, सड़क की बदहाली ने अंतिम यात्रा को भी बनाया मुसीबत
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के सेमरिया गांव में बारिश के मौसम में बदहाल सड़क ग्रामीणों के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं है। यहां हालात इतने खराब हैं कि किसी की मौत होने पर शव को श्मशान घाट तक पहुंचाना भी
NRI Post Hindi Desk · 81 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।



