देश के प्रमुख कॉरपोरेट हब के रूप में पहचान बनाने वाला गुरुग्राम सोमवार को हुई भारी बारिश के बाद एक बार फिर जलभराव और ट्रैफिक जाम की मार झेलता नजर आया। कुछ ही घंटों की बारिश में शहर के कई प्रमुख इलाके पूरी तरह जलमग्न हो गए, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। जिला प्रशासन के मुताबिक, सोमवार दोपहर 1:30 बजे तक गुरुग्राम में 70 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिसके बाद नरसिंहपुर, हीरो होंडा चौक, राजीव चौक, इफको चौक और पुराने गुरुग्राम के कई हिस्सों में भारी जलभराव हो गया। इस दौरान राजीव चौक-सोहना रोड पर भीषण जाम लग गया और एम्बुलेंस तक पानी में फंसी नजर आईं। सबसे परेशान करने वाली तस्वीरें स्कूली बच्चों की सामने आईं, जहां सड़कों पर इतना पानी भर गया कि स्कूल बसों तक पहुंचना मुश्किल हो गया। माता-पिता बच्चों को कंधों पर बैठाकर घुटनों तक भरे पानी से गुजरते दिखाई दिए, वहीं सुभाष चौक के आसपास कई स्कूल बसें पानी में फंस गईं और अंदर बैठे बच्चे बाहर के हालात देखते रहे। रेलवे रोड, सेक्टर-5, ओल्ड दिल्ली रोड, महरौली रोड, बसई रोड और नाहरपुर अंडरपास भी बारिश से बुरी तरह प्रभावित हुए। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने 25 अगस्त के लिए एडवाइजरी जारी कर सभी कॉरपोरेट कार्यालयों, सरकारी और निजी स्कूलों को वर्क फ्रॉम होम के निर्देश देने की सलाह दी है। वहीं, इस जलभराव को लेकर लेखक और स्तंभकार सुहेल सेठ ने प्रशासनिक व्यवस्था पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में रहने वाले लोगों की स्थिति बेहद खराब है और हर मानसून में बाढ़ जैसे हालात पैदा होते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर देश के स्मार्ट शहरों की यह स्थिति है तो कौन भारत में निवेश करना चाहेगा। सेठ ने इसके पीछे बिल्डिंग लाइसेंस देने में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार, मनमाने तरीके से लाइसेंस जारी करना और किसी की जवाबदेही तय न होना जैसी तीन प्रमुख समस्याएं गिनाईं। उन्होंने कहा कि साल-दर-साल यही स्थिति दोहराई जा रही है और देश के सबसे प्रतिभाशाली इंजीनियरों को ड्रेनेज और सीवेज की समस्या ठीक करने में आखिर इतना समय क्यों लग रहा है। यह समस्या इसलिए भी गंभीर है क्योंकि गोल्फ कोर्स रोड, गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड और द्वारका एक्सप्रेसवे के आसपास करोड़ों रुपये कीमत वाले अपार्टमेंट और बड़ी कॉरपोरेट इमारतें हैं, फिर भी बारिश के दौरान कई इलाकों में सड़कों का पानी में डूबना लगातार समस्या बना हुआ है। सेठ ने प्रधानमंत्री और सरकार से हस्तक्षेप की अपील करते हुए कहा कि हरियाणा या देश के दूसरे शहरों को चलाने वाले जिम्मेदार लोगों को जगाने की जरूरत है, ताकि हर साल बारिश के दौरान पैदा होने वाली इन समस्याओं का स्थायी समाधान निकाला जा सके। हरियाणा के अन्य हिस्सों में भी सोमवार को बारिश दर्ज की गई, जिसमें पलवल में 98 मिलीमीटर, फरीदाबाद में 58 मिलीमीटर और मेवात में 48.5 मिलीमीटर बारिश शामिल रही।
करोड़ों के फ्लैट और दो कौड़ी का ड्रेनेज! गुरुग्राम फिर पानी-पानी, बच्चों को कंधों पर उठाना पड़ा
देश के प्रमुख कॉरपोरेट हब के रूप में पहचान बनाने वाला गुरुग्राम सोमवार को हुई भारी बारिश के बाद एक बार फिर जलभराव और ट्रैफिक जाम की मार झेलता नजर आया। कुछ ही घंटों की बारिश में शहर के कई प्रमुख इलाके
NRI Post Hindi Desk · 92 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





