|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
मनोरंजन

करवा चौथ पर सवाल: त्याग का बोझ कब तक सिर्फ महिलाओं के हिस्से?

फ्रांस की मशहूर फेमिनिस्ट फिलॉसफर सिमोन द बोउआर ने अपनी किताब 'द सेकेंड सेक्स' में लिखा था कि औरत पैदा नहीं होती, उसे औरत बनाया जाता है। यह विचार आज भी इसलिए मौजूं है क्योंकि बदलती लाइफस्टाइल के बावजू

NRI Post Hindi Desk · 26 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट

फ्रांस की मशहूर फेमिनिस्ट फिलॉसफर सिमोन द बोउआर ने अपनी किताब 'द सेकेंड सेक्स' में लिखा था कि औरत पैदा नहीं होती, उसे औरत बनाया जाता है। यह विचार आज भी इसलिए मौजूं है क्योंकि बदलती लाइफस्टाइल के बावजूद स्त्री की भूमिका, रिश्तों और परंपराओं को लेकर समाज की कई धारणाएं अब भी लगभग वैसी ही बनी हुई हैं। करवा चौथ ऐसा ही एक अवसर है, जहां प्रेम और आस्था के साथ स्त्री से जुड़ी सामाजिक धारणाएं भी सामने आती हैं। इस दिन महिलाएं सजना-संवरना, चांद निकलने का इंतजार करना और पति की लंबी उम्र के लिए प्रार्थना करना जहां कई महिलाओं के लिए खुशियों से भरा भावनात्मक पल हो सकता है, वहीं कुछ के लिए यह पीढ़ियों से चली आ रही पारिवारिक परंपरा भी हो सकती है। लेकिन यह सवाल जरूर पूछा जा सकता है कि अगर पति-पत्नी एक-दूसरे से प्रेम करते हैं और एक-दूसरे की सलामती चाहते हैं, तो उस प्रेम को व्यक्त करने की जिम्मेदारी अक्सर पत्नी के हिस्से क्यों आती है? पति की लंबी उम्र के लिए पत्नी का उपवास रखना जहां समर्पण माना जाता है, वहीं पत्नी के लिए पति के उपवास रखने की परंपरा को संस्कृति में उस तरह की जगह क्यों नहीं मिल पाई? यह सवाल करवा चौथ की आस्था को खारिज करने के लिए नहीं है, बल्कि उस सामाजिक सोच को समझने के लिए है जिसमें स्त्री का त्याग सहज और पुरुष का त्याग असाधारण मान लिया जाता है। बचपन से लड़की को दूसरों का ख्याल रखने, परिवार की इज्जत का मान रखने और रिश्तों में तालमेल बनाने की सीख दी जाती है, और बड़े होकर यही गुण उसके तथाकथित संस्कार और अच्छे चरित्र की पहचान बनते हैं। दूसरों की परवाह करने या त्याग करने में कोई बुराई नहीं है, मुश्किल तब होती है जब संस्कारी होने के लिए इन गुणों को अनिवार्य मान लिया जाता है। भारतीय त्योहारों में स्त्री की भूमिका के कई दूसरे रूप भी दिखाई देते हैं—तीज पर पति की लंबी उम्र की कामना हो, अहोई अष्टमी पर परिवार और संतान के कल्याण की प्रार्थना हो या रक्षाबंधन पर भाई की सलामती, इन परंपराओं के अपने सांस्कृतिक और भावनात्मक अर्थ रहे हैं, लेकिन इसके केंद्र में सदा पुरुष ही रहा है। स्वेच्छा से त्योहार मनाने और व्रत रखने में कोई बुराई नहीं है और हर व्यक्ति अपनी जिंदगी जीने के लिए स्वतंत्र है, लेकिन जिन बराबरी की बात हम करते आए हैं, उस नजरिए से देखें तो इन पर सवाल उठाना भी जरूरी है। सवाल यह भी है कि शराबी पति हर रोज दारू पीकर घर आकर पत्नी से मारपीट करे और महिला हर साल उतनी ही शिद्दत से उसके लिए करवा चौथ का व्रत रखे, तो ऐसे में ये तीज-त्योहार हजम नहीं होते। नवरात्रि में कन्या पूजन भी इसी संदर्भ में एक दिलचस्प सवाल खड़ा करता है—बच्चियों को देवी का स्वरूप मानकर उनकी पूजा करना श्रद्धा का भाव है, लेकिन क्या यह सम्मान रोजमर्रा की जिंदगी में भी होता है और क्या उन्हें अपनी पसंद से जीने या पसंद का साथी चुनने की उतनी ही सहज आजादी मिलती है? यह सवाल केवल हिंदू त्योहारों या भारतीय परंपराओं तक सीमित नहीं है, क्योंकि रमजान में रोजा रखना अनेक महिलाओं और पुरुषों के लिए इबादत और आध्यात्मिक जुड़ाव का हिस्सा है, लेकिन कई परिवारों में सहरी और इफ्तार की तैयारियों का अतिरिक्त काम महिलाओं के हिस्से आता है। यानी इबादत का अवसर दोनों के लिए है, मगर उसे निभाने के साथ जुड़ा श्रम हमेशा बराबर नहीं बंटता। आस्था और समानता एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं, लेकिन आस्था का सम्मान अपने आप समानता की गारंटी भी नहीं बन जाता, और इसीलिए परंपराओं के बीच यह देखना जरूरी है कि परिवार की सलामती के लिए उपवास रखने, पूजा की तैयारियां करने और रिश्तों की भावनात्मक जिम्मेदारी निभाने का कितना हिस्सा महिलाओं से अपेक्षित होता है।

🔔 मनोरंजन
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!