जापान के होक्काइडो इलाके से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर सड़क पर सफर करने वाले किसी भी शख्स की धड़कन तेज हो सकती है। दरअसल, यहां एक ड्राइवर की कार के सामने अचानक एक भालू और उसका बच्चा आ गया। यह घटना 29 सितंबर की रात होक्काइडो के बिफुका इलाके में हुई। जापान की पुलिस ने अब इस घटना का डैशकैम वीडियो जारी किया है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि कैसे मां भालू ने कार पर हमला कर दिया। फुटेज में दो भालू सड़क के पास दिखाई देते हैं, जिनमें से एक को मादा भालू और दूसरे को उसका बच्चा माना जा रहा है। वीडियो की शुरुआत में दोनों भालू कार से दूर जाते नजर आते हैं और ड्राइवर भी सावधानी बरतते हुए वाहन रोक देता है। लेकिन इसके बाद जो हुआ, वह सबको हैरान कर देने वाला था। तभी बड़ी भालू अचानक वापस मुड़ती है और कार की तरफ तेजी से बढ़ने लगती है। मादा भालू सीधे कार के बोनट पर चढ़ जाती है और अपने पंजों तथा दांतों से वाहन पर हमला करने लगती है। इसके बाद वह पीछे हटकर कई बार कार के अगले हिस्से से टकराती है। कुछ देर बाद वह अपने बच्चे के साथ वहां से चली जाती है। भालू के इस हमले से कार को काफी नुकसान पहुंचा है। बोनट पर खरोंच और डेंट के निशान आए, जबकि उसके एक हिस्से में छेद भी हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि कार में मौजूद ड्राइवर को इस हमले में कोई चोट नहीं आई। स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक हमले में भालू के घायल होने की भी कोई जानकारी नहीं है। पुलिस ने बताया कि यह इलाका भूरे भालुओं के प्राकृतिक आवास के पास है, ऐसे में वहां से गुजरने वाले ड्राइवरों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। जंगली जानवरों में अपने बच्चे की सुरक्षा को लेकर आक्रामक व्यवहार देखा जा सकता है और इस घटना में भी दो भालुओं में से एक को मां तथा दूसरे को उसका बच्चा माना जा रहा है, जिसके चलते मां भालू ने कार पर हमला किया। जापान के होक्काइडो में सितंबर-अक्टूबर के दौरान भालुओं को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अवधि भी लागू है और स्थानीय प्रशासन ने इस दौरान लोगों को भालुओं से दूरी बनाए रखने तथा सतर्क रहने की सलाह दी है। गौरतलब है कि अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच जापान में भालू के हमले के 230 मामले और 13 मौतें दर्ज हुईं, जिसके जवाब में करीब 14 हजार भालू मारे जा चुके हैं। सरकार भालुओं को जन-सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताती है और शिकार को बढ़ावा दे रही है, जिसका लक्ष्य है कि 2030 तक कई प्रांतों में भालुओं की आबादी 30 प्रतिशत से ज्यादा घटाई जाए।
कार के बोनट पर चढ़कर भालू ने किया जमकर हमला, डैशकैम में कैद हुईं हैरान करने वाली तस्वीरें
जापान के होक्काइडो इलाके से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर सड़क पर सफर करने वाले किसी भी शख्स की धड़कन तेज हो सकती है। दरअसल, यहां एक ड्राइवर की कार के सामने अचानक एक भालू और उसका बच्चा आ गया।
NRI Post Hindi Desk · 52 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

