|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
कारोबार

किशाऊ बांध पर छह राज्यों की सहमति, बिना निवेश हिमाचल को हर साल 1200 करोड़ की आय

हिमाचल प्रदेश के लिए बड़ी सौगात मिली है। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण किशाऊ बांध परियोजना को लेकर 17 वर्षों से चल रहा गतिरोध अब समाप्त हो गया है। नई दिल्ली में मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह क

NRI Post Hindi Desk · 70 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
किशाऊ बांध पर छह राज्यों की सहमति, बिना निवेश हिमाचल को हर साल 1200 करोड़ की आय
📷 NRI Post Hindi Desk

हिमाचल प्रदेश के लिए बड़ी सौगात मिली है। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण किशाऊ बांध परियोजना को लेकर 17 वर्षों से चल रहा गतिरोध अब समाप्त हो गया है। नई दिल्ली में मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में हिमाचल प्रदेश समेत छह राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने परियोजना के क्रियान्वयन के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस ऐतिहासिक समझौते के तहत हिमाचल प्रदेश को बिना कोई निवेश किए हर साल 1200 करोड़ रुपये से अधिक की आय होगी। समझौते पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर हिमाचल के मुख्य सचिव केके पंत और अतिरिक्त मुख्य सचिव आरडी नजीम भी मुख्यमंत्री के साथ उपस्थित रहे। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश की सीमा पर टौंस नदी पर प्रस्तावित इस किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना की अनुमानित लागत 15,624 करोड़ रुपये है और इसकी बिजली क्षमता 422 मेगावाट है। समझौते के मुताबिक परियोजना के जल घटक की 90 प्रतिशत लागत केंद्र सरकार वहन करेगी, जबकि शेष 10 प्रतिशत राशि छह राज्यों के बीच साझा होगी। सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि हिमाचल प्रदेश के हिस्से का पानी लेने वाले दिल्ली, राजस्थान और हरियाणा अब किशाऊ बांध की बिजली में हिमाचल के हिस्से का खर्च भी उठाएंगे। इससे हिमाचल प्रदेश पर पड़ने वाला करीब 2000 करोड़ रुपये का आर्थिक बोझ पूरी तरह बच गया है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के प्रयासों से यह सहमति बनी है कि लाभार्थी राज्य हिमाचल की बिजली घटक की लागत वहन करेंगे। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मीडिया से बातचीत में बताया कि 16 जून 2026 को केंद्रीय गृह मंत्री की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में केंद्र सरकार ने सैद्धांतिक रूप से सहमति दी थी कि हिमाचल के बिजली घटक की अनुमानित 2000 करोड़ रुपये की लागत दिल्ली, राजस्थान और हरियाणा वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने राज्य के हिस्से के रूप में 800 करोड़ रुपये देने पर सहमति जताई थी, जिसे वर्तमान सरकार ने प्रदेश के सीमित संसाधनों और उजड़ते लोगों के हकों को देखते हुए स्वीकार नहीं किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना बनने के बाद हिमाचल को बिजली घटक से सालाना 1000 मिलियन यूनिट बिजली का हिस्सा मिलेगा, जिसकी अनुमानित कीमत 1000 करोड़ रुपये से अधिक होगी। हिमाचल के हिस्से के पानी का उपयोग दिल्ली और राजस्थान को उपलब्ध कराने की व्यवस्था है, और इसके बदले दोनों राज्य हिमाचल के हिस्से के बिजली घटक की लागत वहन करेंगे। यानी हिमाचल को अपने आवंटित पानी के बदले परियोजना की बिजली में आर्थिक भागीदारी का पूरा लाभ मिलेगा। इस तरह बिना किसी निवेश के हिमाचल को सालाना 1200 करोड़ रुपये से अधिक की आय होगी, जो प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए मील का पत्थर साबित होगी।

🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!