दिल्ली के कनॉट प्लेस में कश्मीरी युवक फहीम नजीर डार के साथ कथित मारपीट का मामला अब कश्मीर तक पहुंच गया है। शुक्रवार को श्रीनगर के गुपकार रोड पर भारतीय जनता पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं ने इस घटना के विरोध में प्रदर्शन किया और कांग्रेस तथा आइएनडीआइए गठबंधन पर तीखा निशाना साधा। प्रदर्शनकारियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं का कहना था कि राजनीतिक मतभेदों के आधार पर किसी भी नागरिक के साथ हिंसा बर्दाश्त नहीं की जा सकती। एक भाजपा कार्यकर्ता ने कहा कि भारतीय संविधान हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार देता है और कश्मीरी युवक को पीटना बेहद अमानवीय था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिस तरह की बर्बरता की, वैसा व्यवहार कोई जानवर भी नहीं करेगा। गौरतलब है कि श्रीनगर निवासी फहीम नजीर डार वीरवार को दिल्ली के कनॉट प्लेस में कांग्रेस और विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में नारे लगा रहे थे। इसी दौरान कथित तौर पर कुछ प्रदर्शनकारियों से उनकी कहासुनी हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। फहीम ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री का समर्थन करने के कारण उन्हें निशाना बनाया गया, जबकि कुछ कांग्रेस समर्थकों ने दावा किया कि फहीम ने राहुल गांधी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां की थीं। घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने फहीम की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और पुलिस के अनुसार मामले के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। इस बीच फहीम नजीर डार के पारिवारिक जीवन और अतीत को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। श्रीनगर के शालीमार इलाके के शात मोहल्ला में जन्मे और पले-बढ़े फहीम के रिश्तेदारों और पड़ोसियों ने बताया कि उसके माता-पिता उसके बचपन में ही अलग हो गए थे। करीब बारह साल पहले उसके पिता ने परिवार का मकान बेच दिया था, जिसके बाद परिवार किराए के मकान में रहने लगा। उनके मुताबिक फहीम के पिता एसकेआईसीसी स्थित सेंटॉर होटल में काम करते थे और करीब पांच साल पहले दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। फहीम का कोई भाई-बहन नहीं है और उसने कथित तौर पर बारहवीं कक्षा तक पढ़ाई की है। वह पहले ऑटो-रिक्शा चलाता था और कुछ समय तक इलेक्ट्रीशियन के रूप में भी काम कर चुका है, बाद में उसने अलग-अलग जगहों पर राजमिस्त्रियों के साथ मजदूरी शुरू कर दी। पड़ोसियों ने बताया कि फहीम कई साल पहले शात मोहल्ला छोड़कर चला गया था और उसके बाद कभी वापस नहीं लौटा तथा पिछले कई वर्षों से उनका उससे कोई संपर्क नहीं रहा। ऐसे में उन्हें उसके मौजूदा ठिकाने या कामकाज की कोई ठोस जानकारी नहीं है। फहीम के साथ कथित मारपीट का वीडियो उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर देखा है। जब उनसे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ फहीम की मुलाकात और घटना के विरोध में श्रीनगर में भाजपा के प्रदर्शन के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि ये फहीम के निजी मामले हैं और उनका इन घटनाक्रमों से कोई संबंध नहीं है।
कश्मीरी युवक फहीम नजीर डार के साथ मारपीट मामले पर श्रीनगर में भाजपा का प्रदर्शन, कांग्रेस पर साधा निशाना
दिल्ली के कनॉट प्लेस में कश्मीरी युवक फहीम नजीर डार के साथ कथित मारपीट का मामला अब कश्मीर तक पहुंच गया है। शुक्रवार को श्रीनगर के गुपकार रोड पर भारतीय जनता पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं ने इस घटना के वि
NRI Post Hindi Desk · 46 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




