प्रेट्र, हैमिल्टन। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जेमीसन ने भारत के विरुद्ध सीमित ओवरों की मौजूदा सीरीज में अपनी टीम की गेंदबाजी इकाई में निरंतरता की कमी पर निराशा जताते हुए कहा है कि इससे टीम के अच्छे प्रदर्शन की संभावनाएं प्रभावित हुई हैं। न्यूजीलैंड को टी-20 सीरीज में 2-3 से हार का सामना करना पड़ा था, जबकि तीन मैच के बाद वह वनडे सीरीज में 0-2 से पीछे है। अनुभवी तेज गेंदबाज मैट हेनरी और लाकी फर्ग्युसन चोटों के कारण टीम से बाहर हैं, जबकि ब्लेयर टिकनर को भी पिछले मैच में हाथ में चोट लग गई थी। तीसरे वनडे मुकाबले के टास से पहले मेजबान प्रसारकों से बातचीत में जेमीसन ने कहा कि यह थोड़ा निराशाजनक है। उन्होंने कहा कि आप हमेशा एक जैसी गेंदबाजी इकाई उतारने की कोशिश करते हैं जिससे कि खिलाड़ियों के बीच आपसी तालमेल और सामंजस्य विकसित हो सके, लेकिन हमें उतने मैच साथ खेलने का मौका नहीं मिला जितना हम चाहते थे। जेमीसन ने उम्मीद जताई कि अगले कुछ सप्ताह में टीम के सभी खिलाड़ी एक साथ मैदान पर उतरेंगे और लगातार कुछ मैच खेल सकेंगे। गौरतलब है कि खराब मौसम के कारण तीसरा वनडे मुकाबला रद कर दिया गया था। ठंड और बारिश के बीच वेलिंगटन में खेले गए दूसरे मुकाबले में जेमीसन ने अपनी स्विंग, सीम और उछाल से भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया था और तीन विकेट हासिल किए थे। उन्होंने कहा कि मैं बस मौसम और परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने की कोशिश कर रहा हूं और यह समझने की कोशिश रहती है कि परिस्थितियां कैसी होंगी और किस तरह विपक्षी टीम पर थोड़ा दबाव बनाया जा सकता है। जेमीसन इस सीरीज में पिचों से गेंदबाजों को मिल रही मदद से खुश हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले वे ऐसी सपाट पिचों पर खेले हैं जहां 10 से कम की इकोनामी दर हासिल करना भी अच्छा प्रदर्शन माना जाता है। उन्होंने कहा कि मुझे ऐसी पिचें बहुत पसंद हैं और मैं ऐसी पिचों पर खेलने का आदी हूं जहां अगर आपकी इकोनामी दर 10 से कम रहती है तो आप अच्छा दिन गुजार रहे होते हैं, इसलिए यह अच्छा है कि अब परिस्थितियां हमारे पक्ष में थोड़ी मददगार हैं।
काइल जेमीसन ने अपने ही गेंदबाजों पर जताई नाराजगी, बोले- यह थोड़ा निराशाजनक है
प्रेट्र, हैमिल्टन। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जेमीसन ने भारत के विरुद्ध सीमित ओवरों की मौजूदा सीरीज में अपनी टीम की गेंदबाजी इकाई में निरंतरता की कमी पर निराशा जताते हुए कहा है कि इससे टीम के अच्छ
NRI Post Hindi Desk · 14 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 खेल
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।



