|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

काजीरंगा में भीषण सड़क हादसा: ट्रक से टकराई ट्रैवलर, 23 लोगों की मौत

असम के गोलाघाट जिले में काजीरंगा नेशनल पार्क के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें 23 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, रंगाजन इलाके में हाथीकुली चाय बागान के पास नेशनल हाईवे-715 पर यात

NRI Post Hindi Desk · 11 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
काजीरंगा में भीषण सड़क हादसा: ट्रक से टकराई ट्रैवलर, 23 लोगों की मौत
📷 NRI Post Hindi Desk

असम के गोलाघाट जिले में काजीरंगा नेशनल पार्क के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें 23 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, रंगाजन इलाके में हाथीकुली चाय बागान के पास नेशनल हाईवे-715 पर यात्रियों से भरी ट्रैवलर और एक कंटेनर ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। ट्रैवलर बोकाखाट से नगांव की ओर जा रही थी, तभी सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि ट्रैवलर के परखच्चे उड़ गए और कई यात्री उसके अंदर फंस गए। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत और बचाव अभियान चलाया और बचाव दल ने ट्रैवलर से शवों को बाहर निकाला। शुरुआत में पुलिस को सात लोगों की मौत की जानकारी मिली थी, बाद में पांच और लोगों ने दम तोड़ दिया और अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रैवलर में सवार ज्यादातर यात्री छात्र थे, हालांकि पुलिस ने अभी यह साफ नहीं किया है कि हादसे के समय गाड़ी में कुल कितने लोग सवार थे। घायलों को कोहोरा मॉडल अस्पताल ले जाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेजा गया है। गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्ननील डेका ने बताया कि हादसे के बाद पुलिस मौके पर मौजूद है और राहत कार्य जारी है। हादसे का शिकार हुई ट्रैवलर गाड़ी के ट्रैफिक चालान की जानकारी भी सामने आई है, जिसके मुताबिक इस गाड़ी के 12 चालान कट चुके थे और इन सभी का कुल 38,500 रुपये जुर्माना भरा जा चुका था, हालांकि 4,000 रुपये का एक चालान अब भी बकाया है। पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, मिनी बस काफी तेज रफ्तार से चल रही थी और शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि तेज रफ्तार के कारण ट्रैवलर का ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वह सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टकरा गई। हादसे की जानकारी मिलते ही असम सरकार में पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री अतुल बोरा भी मौके पर पहुंचे, जो गोलाघाट की स्थानीय विधानसभा सीट से विधायक भी हैं, और उन्होंने राहत और बचाव के काम का जायजा लिया। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस हादसे से पूरा राज्य दुखी है और दुख की इस घड़ी में असम के लोग पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार की पहली प्राथमिकता घायलों को जल्द से जल्द बेहतर इलाज मुहैया कराना है और मंत्री अतुल बोरा घटनास्थल पर मौजूद रहकर राहत-बचाव के काम की निगरानी कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!