रसोई में साफ-सफाई का कितना भी ध्यान रखा जाए, लेकिन कुछ जगहें ऐसी होती हैं जहां गंदगी धीरे-धीरे अपनी जगह बना ही लेती है। आजकल किचन मॉड्यूलर हो गई हैं, जिनमें लगीं स्टील ट्रॉली भी धीरे-धीरे गंदी हो जाती हैं। इसमें रखे बर्तनों से टपकने वाला पानी, तेल के छींटे और नमी कई बार ट्रॉली पर जिद्दी दाग और जंग के निशान छोड़ देते हैं। शुरुआत में ये निशान छोटे दिखाई देते हैं, लेकिन समय के साथ पूरी ट्रॉली का लुक खराब कर देते हैं। ऐसे में लोग इन्हें हटाने के लिए महंगे क्लीनर खरीदते हैं या फिर ट्रॉली बदलने तक की सोचने लगते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी रसोई में मौजूद नमक और नींबू भी सफाई में काम आ सकते हैं? जी हां, इस घरेलू हैक की मदद से स्टील ट्रॉली पर लगे दाग आसानी से साफ हो जाते हैं। यानी थोड़ी मेहनत और सही तरीके से सफाई करके पुरानी ट्रॉली को फिर से चमका सकते हैं। सफाई शुरू करने से पहले ट्रॉली में रखे सभी बर्तन, चम्मच, कटोरियां और दूसरे सामान बाहर निकाल लें, ताकि ट्रॉली के कोनों और उन हिस्सों तक आसानी से पहुंचा जा सके, जहां आमतौर पर सफाई नहीं हो पाती है। इसके बाद किसी सूखे कपड़े से धूल और ऊपर जमी गंदगी हटा दें। अब ट्रॉली के उन हिस्सों को देखें जहां पानी के निशान, जंग या गंदगी जम गई है और इन जगहों पर सबसे पहले नमक छिड़कें, क्योंकि नमक का हल्का खुरदरा टेक्सचर सफाई में मदद करता है। हालांकि इसे बहुत जोर से रगड़ने से बचना चाहिए, ताकि स्टील पर खरोंच न आए। नमक डालने के बाद उसके ऊपर नींबू का रस निचोड़ें, क्योंकि नींबू में मौजूद साइट्रिक एसिड कुछ तरह के दाग और जंग के हल्के निशान हटाने में मदद कर सकता है। नमक और नींबू के इस मिश्रण को कुछ घंटों तक वहां पर लगा रहने दें। कुछ समय बाद मुलायम कपड़े या स्पंज की मदद से उस जगह को हल्के हाथों से साफ करें और इसके बाद साफ पानी से अच्छी तरह पोंछकर उसे पूरी तरह सुखा लें, जिससे बचा हुआ नींबू और नमक भी हट जाएगा। इस तरीके से ट्रॉली पर लगे हल्के दाग और गंदगी कम हो सकती है, हालांकि अगर जंग काफी पुरानी है या स्टील खराब हो चुकी है, तो ये नुस्खा पूरी तरह असरदार नहीं होगा। विशेषज्ञों के अनुसार सिर्फ एक बार सफाई कर लेना काफी नहीं है। रसोई की ट्रॉली को लंबे समय तक साफ रखने के लिए कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना भी जरूरी है। ट्रॉली में गीले बर्तन रखने से बचें, पानी या तेल गिरने पर तुरंत कपड़े से साफ कर दें और समय-समय पर ट्रॉली के कोनों और नीचे के हिस्सों की सफाई करें। सफाई के बाद स्टील की सतह को गीला न छोड़ें और बर्तनों को ट्रॉली में रखने से पहले अच्छी तरह सुखा लें। इन आसान घरेलू उपायों को अपनाकर रसोई की ट्रॉली को लंबे समय तक चमकदार और जंग से दूर रखा जा सकता है।
किचन ट्रॉली पर जम गया जंग और जिद्दी दाग? नमक और नींबू से पाएं छुटकारा, महंगे क्लीनर की नहीं पड़ेगी जरूरत
रसोई में साफ-सफाई का कितना भी ध्यान रखा जाए, लेकिन कुछ जगहें ऐसी होती हैं जहां गंदगी धीरे-धीरे अपनी जगह बना ही लेती है। आजकल किचन मॉड्यूलर हो गई हैं, जिनमें लगीं स्टील ट्रॉली भी धीरे-धीरे गंदी हो जाती
NRI Post Hindi Desk · 19 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

