ब्राजील में राष्ट्रपति चुनाव के बाद शुरू हुई सियासी खींचतान थमने का नाम नहीं ले रही है। चुनाव में हार के बावजूद सीनेटर फ्लेवियो बोल्सोनारो परिणाम को स्वीकार नहीं कर रहे हैं और उन्होंने अमेरिका पहुंचकर निर्वाचित राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा पर चुनावी तख्तापलट की साजिश का आरोप लगाया है। बुधवार को अमेरिका के मियामी पहुंचने के बाद फ्लेवियो बोल्सोनारो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक ओपन लेटर जारी किया, जिसमें उन्होंने शुरुआत में खुद को ब्राजील का निर्वाचित राष्ट्रपति बताया। हालांकि, बाद में उन्होंने इस पोस्ट को डिलीट कर दिया और संशोधित पत्र जारी किया, जिसमें खुद को ब्राजील का वास्तविक नेता बताया। बोल्सोनारो ने कहा कि वह अपने छह करोड़ वोटर्स और ब्राजील की जनता से कहना चाहते हैं कि वह उनका नेता है और जिन लोगों ने ब्राजील का चुनाव चुराया है, वे एक आपराधिक संगठन का हिस्सा हैं, जिसने देश में तानाशाही स्थापित कर दी है। रविवार को हुए राष्ट्रपति चुनाव में बोल्सोनारो को मौजूदा राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा से करीब 45 लाख वोटों से शिकस्त मिली है, जिसके बाद वह अपने परिवार के साथ अमेरिका के मियामी पहुंच गए और उन्होंने ब्राजील से निकलने तथा अपने देश में स्वागत में मदद के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई का आभार जताया। जॉइंट बेस एंड्रयूज में पत्रकारों के सवाल पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बोल्सोनारो के आरोपों पर सीधे टिप्पणी करने से इनकार किया, लेकिन अपना पुराना बयान दोहराते हुए ब्राजील के चुनाव को बेहद अजीब बताया और कहा कि वह इस मामले में हस्तक्षेप नहीं करेंगे। बोल्सोनारो ने चुनाव में धांधली के अपने आरोपों के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया है, जबकि अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों ने चुनाव को निष्पक्ष बताया है। बोल्सोनारो ने चुनाव परिणाम को चुनौती देने के लिए मतदान का समय दो घंटे बढ़ाए जाने के फैसले को आधार बनाया है, लेकिन विश्लेषकों के मुताबिक अतिरिक्त दो घंटों में कुल मतदान का लगभग 0.03 प्रतिशत वोट ही पड़े थे और हार का बड़ा अंतर देखते हुए चुनाव रद्द होने की संभावना कम है। गौरतलब है कि फ्लेवियो के पिता और ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो भी 2022 में लूला से चुनाव हारने के बाद अमेरिका चले गए थे और बाद में ब्राजील लौटने पर उन्हें तख्तापलट की साजिश रचने के मामले में 27 साल जेल की सजा सुनाई गई। बोल्सोनारो ने कहा कि वह ब्राजील से भागे नहीं हैं, बल्कि ब्राजील छोड़ा है, लेकिन ब्राजील की जनता को नहीं छोड़ा है। ब्राजील और अमेरिका के बीच संबंधों में पहले से तनाव बना हुआ है और लूला ने वॉशिंगटन पर बोल्सोनारो परिवार को दोबारा सत्ता में लाने के लिए मिलीभगत करने का आरोप लगाया है, जिसे अमेरिकी प्रशासन ने खारिज किया है।
खुद को बताया राष्ट्रपति, फिर डिलीट की पोस्ट! अमेरिका पहुंचे बोल्सोनारो का नया दावा
ब्राजील में राष्ट्रपति चुनाव के बाद शुरू हुई सियासी खींचतान थमने का नाम नहीं ले रही है। चुनाव में हार के बावजूद सीनेटर फ्लेवियो बोल्सोनारो परिणाम को स्वीकार नहीं कर रहे हैं और उन्होंने अमेरिका पहुंचकर
NRI Post Hindi Desk · 27 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।


