गंगा एक्सप्रेसवे पर बदायूं जिले के हिस्से में तेज रफ्तार वाहनों के पलटने का सिलसिला थम नहीं रहा है। पिछले चार महीनों के भीतर यहां एक्सप्रेसवे पर 12 ऐसे हादसे सामने आ चुके हैं, जिनमें चालक को झपकी आई और वाहन किनारे की दीवार या सेफ गार्डर से टकराकर पलट गया। जांच में पता चला है कि इन हादसों की बड़ी वजह रंबल स्ट्रिप की गलत स्थिति है। एक्सप्रेसवे पर चालकों को झपकी से बचाने के लिए थर्मोप्लास्टिक रंबल स्ट्रिप लगाई गई है, लेकिन यह स्ट्रिप किनारे की दीवार से एक फिट से भी कम दूरी पर बनी है। यह स्ट्रिप पांच से छह इंच चौड़ी है। जानकारों के मुताबिक रंबल स्ट्रिप का इस्तेमाल आमतौर पर वाहन को लेन से भटकने से पहले सचेत करने के लिए किया जाता है, और इसे किनारे से कुछ दूरी पर होना चाहिए, ताकि स्ट्रिप पर पहुंचने के बाद चालक को संभलने का मौका मिल सके। लेकिन यहां ऐसा नहीं है। जब चालक को झपकी आती है और वाहन का पहिया रंबल स्ट्रिप पर पहुंचता है, तब तक वाहन दीवार के बेहद करीब पहुंच चुका होता है और बचाव का मौका नहीं मिल पाता। चालक बचने के लिए अचानक स्टीयरिंग मोड़ता है तो वाहन असंतुलित होकर पलट जाता है। अधिकारियों के अनुसार यदि स्ट्रिप दीवार से करीब दो फिट दूर होती तो चालक को वाहन संभालने के लिए कुछ अतिरिक्त समय मिल सकता था। प्रयागराज से मेरठ तक गंगा एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई 594 किलोमीटर है, जिसमें 92 किलोमीटर हिस्सा बदायूं जिले में है, जो संभल से शाहजहांपुर की सीमा तक जाता है। एक्सप्रेसवे 29 अप्रैल को शुरू हुआ था और चौथे दिन से ही यहां हादसों का सिलसिला शुरू हो गया था। मई से सितंबर के बीच जिले में ये हादसे दर्ज किए गए। एक्सप्रेसवे पर वाहनों का दबाव कम होने और मार्ग सुगम होने के कारण चालक लंबे समय तक लगातार वाहन चलाते हैं, जिससे झपकी लगने पर हादसे का खतरा बढ़ जाता है। इसी खतरे को कम करने के लिए कार्यदायी संस्था एचजी इंफ्रा की ओर से थर्मोप्लास्टिक रंबल स्ट्रिप लगाई गई है। एनएचएआई से जुड़े एक अधिकारी के अनुसार गंगा एक्सप्रेसवे पर रंबल स्ट्रिप का इस्तेमाल रोड मार्किंग की तरह किया गया है। बता दें कि रंबल स्ट्रिप कई प्रकार की होती हैं, जिनमें एबीएस, सिंथेटिक रबर, रिफ्लेक्टर पीवीसी और थर्मोप्लास्टिक रंबल स्ट्रिप शामिल हैं। गंगा एक्सप्रेसवे पर थर्मोप्लास्टिक रंबल स्ट्रिप का इस्तेमाल किया गया है, जिसकी कीमत करीब 350 से 550 रुपये प्रति मीटर बताई जाती है। वाहन के इसके ऊपर से गुजरने पर कंपन और गड़गड़ाहट की आवाज होती है, जिससे चालक के सतर्क होने की उम्मीद रहती है। जिलाधिकारी अवनीश राय ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे पर होने वाले हादसों के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है और इसके लिए यूपीडा के अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हादसों को रोकने के लिए जो भी संभावनाएं होंगी, उन पर काम कराया जाएगा।
गंगा एक्सप्रेसवे पर खतरनाक खामी: दीवार से बेहद करीब बनी रंबल स्ट्रिप, चार महीने में 12 गाड़ियां पलटीं
गंगा एक्सप्रेसवे पर बदायूं जिले के हिस्से में तेज रफ्तार वाहनों के पलटने का सिलसिला थम नहीं रहा है। पिछले चार महीनों के भीतर यहां एक्सप्रेसवे पर 12 ऐसे हादसे सामने आ चुके हैं, जिनमें चालक को झपकी आई औ
NRI Post Hindi Desk · 73 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




