|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
कारोबार

गाजियाबाद के नामी रेस्टोरेंट की रसोई सील, सब्जी में मिला मरा हुआ कॉकरोच

गाजियाबाद के मोहन नगर में आईटीएस कॉलेज के पास स्थित एक मशहूर रेस्टोरेंट की रसोई में खाद्य विभाग की टीम ने छापा मारकर कार्रवाई की है। दरअसल, कुछ दिन पहले इसी रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंची एक युवती की

NRI Post Hindi Desk · 61 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट

गाजियाबाद के मोहन नगर में आईटीएस कॉलेज के पास स्थित एक मशहूर रेस्टोरेंट की रसोई में खाद्य विभाग की टीम ने छापा मारकर कार्रवाई की है। दरअसल, कुछ दिन पहले इसी रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंची एक युवती की सब्जी में मरा हुआ कॉकरोच मिलने की शिकायत सामने आई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वायरल वीडियो के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से संज्ञान में लिया और खाद्य विभाग की टीम रेस्टोरेंट पहुंचकर रसोई की विस्तृत जांच की। जांच के दौरान ग्राहक की शिकायत सही पाई गई, साथ ही रसोई में साफ-सफाई को लेकर गंभीर कमियां भी मिलीं। प्रशासन के अनुसार रसोई में गंदगी पाई गई और डीप फ्रीजर की हालत खराब मिली, जिसके अंदर कीड़े तक पाए गए, जो खाद्य सुरक्षा मानकों के लिए बेहद चिंताजनक है। खाद्य विभाग की टीम ने रेस्टोरेंट से मस्टर्ड ऑयल, पानी, पनीर और सॉस समेत कई खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच के बाद रेस्टोरेंट प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है और खाद्य सुरक्षा मानकों को पूरा किए जाने तक रसोई बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। पूरा मामला तब सामने आया जब युवती दिव्या परिहार अपने भाई गोपाल समेत छह लोगों के साथ बर्थडे सेलिब्रेशन के लिए रेस्टोरेंट पहुंची थीं और खाने के दौरान उनकी टेबल पर परोसी गई सब्जी में मरा हुआ कॉकरोच दिखाई दिया। परिवार ने तुरंत इसकी शिकायत रेस्टोरेंट के स्टाफ और मैनेजर से की, लेकिन आरोप है कि करीब आधे घंटे तक बहस चलती रही और केवल माफी मांगकर मामला खत्म करने का प्रयास किया गया। दिव्या का आरोप है कि उन्हें न तो शेफ से मिलवाया गया और न ही आश्वासन दिया गया कि कॉकरोच मिली सब्जी दूसरे ग्राहकों को नहीं परोसी जाएगी, बल्कि वीडियो बनने से पहले स्टाफ ने टेबल से खाना हटा दिया था। हालांकि दिव्या के पास सब्जी में मिले कॉकरोच की फोटो मौजूद थी। छह लोगों के खाने का बिल करीब 1500 रुपये बना था, लेकिन खाने में कॉकरोच मिलने के बाद परिवार ने बिल देने से इनकार कर दिया। बुधवार को एडीएम सिटी विकास कश्यप भी खाद्य विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उनकी मौजूदगी में रसोई की जांच की गई। प्रशासन ने साफ किया है कि जब तक रसोई में खाद्य सुरक्षा से जुड़े जरूरी मानक पूरे नहीं किए जाते, तब तक रेस्टोरेंट की रसोई बंद रहेगी और अब लिए गए खाद्य पदार्थों के सैंपल की प्रयोगशाला रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!