|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

गांजे की लत, पूजा से चिढ़... अरविंद की कहानी दोस्त की जुबानी, सामने आई कई परतें

आजमगढ़ के अहरौला क्षेत्र के शंभूपुर गांव में मंगलवार शाम को घर में चल रहे धार्मिक अनुष्ठान के दौरान हुई भीषण गोलीबारी ने पूरे इलाके को हिला दिया है। इस घटना में अरविंद सिंह ने अपनी पत्नी बबीता सिंह और

NRI Post Hindi Desk · 62 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट

आजमगढ़ के अहरौला क्षेत्र के शंभूपुर गांव में मंगलवार शाम को घर में चल रहे धार्मिक अनुष्ठान के दौरान हुई भीषण गोलीबारी ने पूरे इलाके को हिला दिया है। इस घटना में अरविंद सिंह ने अपनी पत्नी बबीता सिंह और दो पुरोहितों की हत्या कर दी थी और इसके बाद अपने बच्चों को बंधक बना लिया था। पुलिस मुठभेड़ में अरविंद की मौत हो गई, जबकि इलाज के दौरान उसके आठ वर्षीय बेटे ने भी दम तोड़ दिया। अब इस पूरे मामले की कई परतें खुलती जा रही हैं और अरविंद के बचपन के दोस्त आशुतोष सिंह ने उसके जीवन में आए बदलावों को लेकर कई अहम बातें बताई हैं। आशुतोष के मुताबिक, वर्ष 2018 में अरविंद के बड़े भाई सुनील सिंह की हत्या के बाद से उसके व्यवहार में बड़ा बदलाव आया था। वह धीरे-धीरे लोगों से दूरी बनाने लगा और दोस्तों तथा गांव के लोगों से मिलना-जुलना कम कर दिया। उसका दायरा अपने घर तक सीमित होता चला गया और वह अकेले रहने का आदी हो गया। इसी दौर में उसके नशे की गिरफ्त में आने की बात भी सामने आई है। दोस्त का दावा है कि अरविंद गांजा पीने लगा था, जिससे उसकी मानसिक स्थिति और व्यवहार पर असर पड़ता चला गया। इस पूरे घटनाक्रम का एक दूसरा अहम सिरा पूजा-पाठ से जुड़ा है। परिवार में तीन दिनों से महामृत्युंजय जाप चल रहा था और बताया जा रहा है कि यह पूजा अरविंद की पत्नी बबीता सिंह ने कराई थी। परिवार के मुताबिक, पंड़ितों ने बड़े भाई की मौत से जुड़ी मान्यताओं और घर के माहौल को देखते हुए पूजा कराने की बात कही थी। अरविंद के दोस्त के मुताबिक, बड़े भाई की हत्या के बाद से ही अरविंद का पूजा-पाठ को लेकर रवैया बदल गया था और वह इससे चिढ़ता था। मंगलवार को जब वह घर पहुंचा तो पूजा चल रही थी और उसने वहां मौजूद पुरोहितों से सवाल-जवाब शुरू कर दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अरविंद ने पुरोहितों से पूछा कि वे उसके घर क्यों आए हैं और इसके बाद उनसे आधार कार्ड मांगा। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और फिर उसने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें उसकी पत्नी बबीता और दो पुरोहितों की मौत हो गई। घटना के बाद अरविंद अपने बच्चों को लेकर घर के भीतर चला गया और खुद को कमरे में बंद कर लिया। पुलिस ने इलाके को घेर लिया और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बच्चों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता थी और लंबे समय तक अरविंद को समझाने का प्रयास किया गया। सुनील सिंह की हत्या के बाद उनकी लाइसेंसी रिवॉल्वर अरविंद को ट्रांसफर होने की बात भी सामने आई है और इसी हथियार का इस्तेमाल मंगलवार की वारदात में किए जाने की जानकारी पुलिस जांच में सामने आई है। यानी जिस हथियार से घर में खून की होली खेली गई, उसका संबंध भी परिवार के पुराने जख्म से जुड़ता है। हालांकि हथियार के लाइसेंस और उसके इस्तेमाल से जुड़े सभी कानूनी पहलुओं की पुष्टि पुलिस रिकॉर्ड से होना बाकी है। मृत पंडित के बेटे हिमांशु मिश्रा के हवाले से बताया जा रहा है कि अरविंद नशे की हालत में घर पहुंचा था, हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। दोस्त का कहना है कि अरविंद को घर में आने वाले लोगों को लेकर भी शक रहता था और उसके व्यवहार में ऐसी बेचैनी बढ़ गई थी कि घर में कोई बाहरी व्यक्ति आता तो परिवार के लोग भी डरते थे। यही वजह थी कि वह सामाजिक रूप से भी काफी अलग-थलग होता चला गया। एडीजी नवीन अरोड़ा के हवाले से बताया गया है कि पुलिस की कार्रवाई और प्रशिक्षण के कारण तीनों बच्चों को बचाने की कोशिश की गई। घायल बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि बाकी बच्चों को लंबे समय तक बंधक रहने के कारण भूख-प्यास और मानसिक आघात का सामना करना पड़ा। इस पूरी घटना ने यह साफ कर दिया है कि पारिवारिक सदमा, नशे की लत और बढ़ती तन्हाई किस तरह एक इंसान को खौफनाक अपराध की ओर धकेल सकती है।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!