गढ़वा जिले के रमना बाजार में प्राचीन शिव मंदिर के समीप एक मकान की नींव की खुदाई के दौरान मिली रहस्यमयी लोहे की तिजोरी का राज सोमवार को उस समय खुल गया जब प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में गैस कटर से इसे काटकर खोला गया। अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर मिर्धा, एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह, सीओ विकास पांडेय और थाना प्रभारी आदित्य कुमार नायक की मौजूदगी में पुलिस अभिरक्षा के बीच तिजोरी को गैस कटर से काटा गया, क्योंकि उसका लॉक काफी मजबूत था। तिजोरी खुलते ही उसके भीतर से उर्दू अंकित आठ चांदी के पुराने सिक्के, एक चांदी का लॉकेट और 41 तांबे के सिक्के बरामद हुए। प्रशासनिक स्तर पर इन सिक्कों को वर्ष 1880 से 1920 के बीच का बताया जा रहा है। चांदी के सिक्कों और लॉकेट का कुल वजन 89.73 ग्राम बताया गया है, जिसका वर्तमान बाजार मूल्य करीब 20 हजार रुपये आंका गया है। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई, जिससे तिजोरी खोलने का काम पारदर्शी तरीके से पूरा किया गया। बरामद आठ चांदी के सिक्कों पर उर्दू में अंकन है और इन्हें ऐतिहासिक महत्व का बताया जा रहा है। तिजोरी को अपनी पैतृक संपत्ति बताने वाले विभिन्न परिवारों के दावेदार भी पूरी प्रक्रिया के दौरान मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन ने बरामद सभी सामानों की सूची तैयार कर ली है, और समाचार भेजे जाने तक आगे की विधिक व कागजी कार्रवाई जारी थी। गौरतलब है कि 11 सितंबर को नींव की खुदाई के दौरान लोहे की तिजोरी मिलने के बाद क्षेत्र में खजाना मिलने की अफवाह फैल गई थी, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए थे। कई परिवारों ने तिजोरी और जमीन पर अपना पैतृक अधिकार होने का दावा किया था, जिसके चलते पुलिस ने स्थिति को देखते हुए तिजोरी को अपने कब्जे में ले लिया था। इससे पहले हजारीबाग में एक जर्जर मकान की दीवार में भी पुराने सिक्के मिले थे।
गढ़वा में खुदाई के दौरान मिली लोहे की तिजोरी खुली, निकले 100 साल पुराने चांदी और तांबे के सिक्के
गढ़वा जिले के रमना बाजार में प्राचीन शिव मंदिर के समीप एक मकान की नींव की खुदाई के दौरान मिली रहस्यमयी लोहे की तिजोरी का राज सोमवार को उस समय खुल गया जब प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में गैस कटर से
NRI Post Hindi Desk · 49 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





