|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

गुमला में 13 वर्षीय छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, आरोपियों ने बेरहमी से पीटा; रिम्स रांची रेफर

गुमला जिले के पालकोट प्रखंड क्षेत्र में इंसानियत को झकझोर देने वाली एक अत्यंत गंभीर घटना सामने आई है, जहां एक 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता छठी क

NRI Post Hindi Desk · 60 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट

गुमला जिले के पालकोट प्रखंड क्षेत्र में इंसानियत को झकझोर देने वाली एक अत्यंत गंभीर घटना सामने आई है, जहां एक 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता छठी कक्षा की छात्रा बताई जाती है, जो गुरुवार शाम से लापता हो गई थी। परिजनों के अनुसार, गुरुवार शाम बच्ची के घर नहीं लौटने पर उन्होंने अपने स्तर से उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला। इसके बाद देर रात कुछ युवक छात्रा को उसके घर के बाहर छोड़कर फरार हो गए। बाहर आहट पाकर जब परिजनों ने देखा, तो बच्ची अर्धनग्न और बेसुध अवस्था में पड़ी थी, जिसके बाद वे तुरंत उसे घर के अंदर ले गए। सदमे और दर्द के कारण वह बोलने की स्थिति में नहीं थी, और परिजनों ने बताया कि उसके गले तथा शरीर पर चोट के गंभीर निशान भी मिले हैं। घटना के बाद परिजन बच्ची को लेकर सबसे पहले नजदीकी कोलेबीरा अस्पताल (सिमडेगा) पहुंचे, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सिमडेगा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सिमडेगा में प्राथमिक उपचार के बाद शुक्रवार सुबह उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया। हालांकि, परिजन उसे सीधे रिम्स ले जाने के बजाय गुमला सदर अस्पताल ले आए, जहां के चिकित्सकों ने भी प्राथमिक उपचार के बाद उसे रिम्स रेफर कर दिया। इसके बाद शुक्रवार शाम परिजन उसे लेकर रांची रिम्स पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि उसके साथ 4-5 युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया है। इस बीच, परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि घटना की सूचना पालकोट थाना पुलिस को दे दी गई थी, लेकिन पुलिस या महिला पुलिसकर्मी को बच्ची के साथ रहकर मेडिकल प्रक्रिया और कानूनी कार्रवाई में सहयोग करना चाहिए था, जो नहीं किया गया। इस मामले पर बसिया के एसडीपीओ शिव मरांडी ने बताया कि अभी तक थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि बच्ची को परिजनों द्वारा सीधे कोलेबीरा और फिर सिमडेगा अस्पताल ले जाया गया था। फिलहाल मामले की छानबीन की जा रही है और घटना की पुष्टि होने पर दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी के अनुसार, बच्ची के होश में आने और पुलिस जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। गौरतलब है कि यह घटना बच्चों की सुरक्षा और संवेदनशील मामलों में प्रशासनिक तत्परता पर गंभीर सवाल खड़े करती है, क्योंकि एक नाबालिग के साथ इतनी वीभत्स घटना के बाद भी अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और पीड़िता के बयान दर्ज होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिससे दोषियों को सजा दिलाई जा सके।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!