कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने गुरुग्राम में मुख्यमंत्री के काफिले को काले झंडे दिखाने के मामले में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को लोकतंत्र का काला दिन बताया है। शनिवार शाम को कमान सराय स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने भाजपा सरकार और गुरुग्राम पुलिस-प्रशासन पर तीखा हमला बोला। हुड्डा ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करना लोकतंत्र में नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन इस अधिकार का इस्तेमाल करने वाले कांग्रेसियों पर गंभीर धाराएं लगाकर उन्हें गिरफ्तार करना लोकतंत्र के इतिहास का काला दिवस है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी नाकामियों और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ उठ रही आवाज को पुलिस और प्रशासन के बल पर दबाने का प्रयास कर रही है। हुड्डा ने यह भी दावा किया कि प्रदर्शन के बाद क्राइम ब्रांच की टीमों को कांग्रेसियों के पीछे लगाया गया और उन्हें अपराधी की तरह रातभर लाकअप में रखा गया। उन्होंने पुलिस पर मारपीट करने का भी आरोप लगाते हुए कहा कि शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर के बीस वर्षीय बेटे को भी पुलिस ने कुछ घंटों तक पूछताछ के लिए थाने में रखा। कांग्रेस सांसद ने चेतावनी दी कि पुलिस प्रशासन को इसके लिए सामने आकर माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि हर समय एक जैसा नहीं होता है और जब कांग्रेस सत्ता में आएगी तो इसका एक-एक हिसाब देना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाएगी। इस मौके पर विधायक इंदुराज नरवाल, विधायक रघुवीर सिंह तेवतिया, पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया, सीमा पाहुजा, प्रदेश प्रवक्ता सुखबीर तंवर, अनिल धानक, इंटक अध्यक्ष अमित यादव, सूबे सिंह एडवोकेट और शैलजा भाटिया सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री के काफिले को काले झंडे दिखाने के मामले में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के खिलाफ आपराधिक मुकदमे दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की गई है, जिसके खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है।
गुरुग्राम में कांग्रेसियों की गिरफ्तारी पर भड़के दीपेंद्र हुड्डा, बोले- सत्ता में आए तो एक-एक हिसाब देना पड़ेगा
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने गुरुग्राम में मुख्यमंत्री के काफिले को काले झंडे दिखाने के मामले में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को लोकतंत्र का काला दिन बताया है। शनिवार
NRI Post Hindi Desk · 94 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




