|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

गुवाहाटी में पत्नी का कत्ल, फिर पुलिस हिरासत से भागकर पहाड़ी से कूदा आरोपी पति, दस दिनों में दो मौतों की गुत्थी

गुवाहाटी के नूनमाटी इलाके में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस से लेकर फॉरेंसिक विशेषज्ञों तक को हक्के-बक्के कर दिया। छह अगस्त की रात करीब पौने दस बजे पुलिस की टीम लोगों के बताए एक पते पर पहुंची

NRI Post Hindi Desk · 69 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट

गुवाहाटी के नूनमाटी इलाके में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस से लेकर फॉरेंसिक विशेषज्ञों तक को हक्के-बक्के कर दिया। छह अगस्त की रात करीब पौने दस बजे पुलिस की टीम लोगों के बताए एक पते पर पहुंची, जहां एक तीन मंजिला फ्लैट का दरवाजा बाहर से बंद था, लेकिन अंदर से तेज बदबू आ रही थी। जैसे ही पुलिस ने दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया, अधिकारियों को अनहोनी का अहसास हो गया। फर्श पर एक महिला की सिर कटी लाश पड़ी थी और खून के छींटे लाश के आसपास से लेकर पास में रखे फ्रिज के इर्द-गिर्द तक दिखाई दे रहे थे। पुलिस ने जब फ्रिज की जांच की, तो उसका शक सही निकला। फ्रिज का दरवाजा खुलते ही अंदर एक और भयानक तस्वीर नजर आई, जहां उसी लाश का कटा हुआ सिर एक पॉलीथिन में पैक रखा हुआ था। यह लाश उसी मकान में रहने वाली दंपती में से एक की थी, यानी पत्नी की, जिसका नाम रिया तालुकदार था, जबकि उसका पति रामानुजम गोस्वामी घर से रहस्यमयी तरीके से गायब था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि रिया के हाथों की उंगलियां भी कटी हुई थीं और तकनीकी निगरानी में यह सामने आया कि रिया के साथ-साथ रामानुजम का फोन भी बंद हो चुका था। ईस्ट गुवाहाटी के उपायुक्त टीआर पेगू ने बताया कि रिया एक बुटिक में काम करती थी, जबकि उसका पति रामानुजम गोस्वामी कैब चालक था और दोनों की शादी करीब आठ महीने पहले हुई थी, लेकिन दोनों के बीच अक्सर झगड़े भी होते थे। पुलिस जब रामानुजम की तलाश कर रही थी, उससे पहले ही उसने खुद पुलिस के सामने आकर आत्मसमर्पण कर दिया और एक चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने कहा कि उसकी पत्नी का किसी और शख्स से संबंध था, जिसे लेकर उनके बीच लड़ाई होती थी। गिरफ्तारी के बाद जब मीडिया ने रामानुजम से वारदात की वजह पूछी, तो उसने कहा कि रिया ने उसकी मां के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया था, जिससे गुस्से में आकर उसने यह वारदात को अंजाम दिया और उसे पुलिस ने गिरफ्तार नहीं किया, बल्कि उसने खुद सरेंडर किया है। उसने यह भी दावा किया कि रिया के रिश्ते एक बुजुर्ग शख्स से थे और वह जेल से बाहर आकर उस शख्स को भी खत्म कर देगा। इस पूरी घटना ने मामले को एक खुले और बंद केस जैसा बना दिया था, लेकिन इसके ठीक सात दिन बाद कहानी में एक और चौंकाने वाला मोड़ आया, जब पुलिस हिरासत में ही रामानुजम ने पहाड़ी से छलांग लगाकर जान दे दी। असम पुलिस के अनुसार, सोमवार की अहले सुबह करीब तीन बजे पुलिस उसे रक्त परीक्षण के लिए लेकर जा रही थी, तभी रास्ते में पुलिस की गाड़ी खराब हो गई और उसने पुलिसकर्मियों को धक्का देकर नरकासुर हिल्स नाम की पहाड़ी से नीचे छलांग लगा दी। इतनी ऊंचाई से गिरने के चलते उसे घातक चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। इस तरह महज दस दिनों के भीतर पहले पत्नी की हत्या और फिर उसी हत्या के आरोप में पकड़े गए पति की मौत ने इस मामले को और भी उलझा दिया है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है, लेकिन रामानुजम की मौत की परिस्थितियों के कारण रिया तालुकदार के हत्या मामले की जांच पर फुलस्टॉप लगना तय माना जा रहा है, और अब पुलिस रामानुजम की मौत की अलग से जांच करेगी, जिसकी रिपोर्ट बाद में अदालत में सौंपी जाएगी।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!